विज्ञापन
Delhi Traffic Advisory: इस दौरान सड़क निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग को वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपना रूट तय कर लें।

अगर आप दिल्ली में रहते हैं या रोजाना इस इलाके से सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि 4 जुलाई से 3 अगस्त तक नंद लाल मार्ग रेड लाइट से लेकर शास्त्री नगर रेड लाइट के बीच स्थित स्वामी नारायण मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान सड़क निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग को वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपना रूट तय कर लें ताकि रास्ते में जाम या अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से स्वामी नारायण मार्ग पर सड़क निर्माण और मरम्मत का काम किया जा रहा है। निर्माण कार्य को सुरक्षित और समय पर पूरा करने के लिए इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
नई ट्रैफिक व्यवस्था के तहत चौकी नंबर-2 से स्वामी नारायण मार्ग होते हुए शास्त्री नगर की तरफ जाने वाले वाहनों को अब सीधे उस मार्ग से नहीं जाने दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन वाहनों को नंद लाल मार्ग और वीर बांदा बैरागी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में इस इलाके से गुजरने वाले लोगों को अपने सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी, कई सड़कें रहेंगी बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार यह ट्रैफिक डायवर्जन 4 जुलाई 2026 से 3 अगस्त 2026 तक लगातार 24 घंटे प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान सड़क निर्माण कार्य जारी रहेगा। यदि काम तय समय से पहले पूरा हो जाता है या किसी प्रकार का बदलाव किया जाता है तो उसकी जानकारी ट्रैफिक पुलिस की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें।
यदि किसी यात्री को ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी चाहिए या रास्ते को लेकर कोई परेशानी आती है तो वह सीधे दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से संपर्क कर सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 8750871493 जारी किया है। इसके अलावा लोग ट्रैफिक की ताजा जानकारी और अन्य एडवाइजरी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट भी देख सकते हैं।
स्वामी नारायण मार्ग दिल्ली के व्यस्त मार्गों में से एक माना जाता है। इस रास्ते का इस्तेमाल रोजाना बड़ी संख्या में निजी वाहन, टैक्सी, ऑटो और अन्य वाहन करते हैं। ऐसे में अगले एक महीने तक इस मार्ग के बंद रहने से आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। यही वजह है कि ट्रैफिक पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि वे वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए पहले से यात्रा की योजना बनाकर निकलें।
विज्ञापन