दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में सामने आई एक ऐसी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है, जिसकी शुरुआत एक जान-पहचान से हुई थी। मामला फैक्ट्री तक पहुंचा तो अचानक हालात बदल गए। आखिर उस दिन वहां क्या हुआ और पुलिस को जांच के दौरान ऐसा क्या मिला, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया? पढ़िए पूरी खबर।

Delhi News : राजधानी दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 47 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति अपने दोस्त की 20 वर्षीय बेटी से शादी करना चाहता था। युवती की ओर से इनकार किए जाने के बाद मामला इस कदर बढ़ गया कि व्यक्ति ने फैक्ट्री परिसर में आत्मघाती कदम उठा लिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का रहने वाला था और शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। बताया गया है कि संदीप अक्सर अपने एक दोस्त के घर आता-जाता था। इसी दौरान उसकी दोस्त की 20 वर्षीय बेटी से जान-पहचान हुई। युवती दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी और वहीं अकेले रहती थी।
पुलिस के अनुसार, संदीप युवती को अक्सर फोन करता था। हालांकि, कुछ समय पहले युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इससे परेशान होकर संदीप गुरुवार को दिल्ली पहुंचा। शुक्रवार को वह कथित तौर पर पेट्रोल की दो बोतलें लेकर युवती की फैक्ट्री पहुंच गया। वहां उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन युवती ने इससे इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, युवती के इनकार के बाद संदीप ने खुद को आग लगा ली। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया और आग बुझाकर अस्पताल पहुंचाया। उसे दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस को संदीप के पास से एक नोट भी मिला है। इसमें उसने युवती से दोस्ती टूटने को अपनी मौत की वजह बताया। हालांकि, युवती ने पुलिस को बताया कि संदीप के साथ उसका कोई रिश्ता नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले में पुलिस तथ्यों की जांच कर रही है।
विज्ञापन