Weather Update: 21, 22 और 23 अगस्त को भी दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

देशभर में मॉनसून इस समय सक्रिय है और कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 21, 22 और 23 अगस्त को भी दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इन दिनों बारिश का सिलसिला जारी है। आज मुजफ्फरनगर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, हमीरपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, आजमगढ़, प्रतापगढ़, चित्रकूट, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी दी गई है। बिहार के भी कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। झारखंड में आज और कल तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है।
राजस्थान के कई हिस्सों में आज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी है। पंजाब और हरियाणा में आज और कल मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। हरियाणा के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ अचानक बारिश जोर पकड़ सकती है। पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है, जबकि ओडिशा में 21 से 25 अगस्त के बीच व्यापक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, रुद्रप्रयाग और ऊधम सिंह नगर जैसे क्षेत्रों में बारिश का असर ज्यादा रह सकता है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर में भी कई स्थानों पर खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में 25 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में 25 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश के साथ आंधी का असर रह सकता है जबकि तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
विज्ञापन