अब टिकट दिखाने के बाद ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगी एंट्री, भगदड़ के बाद बनाए गए नए नियम
New Delhi Station New Rule
दिल्ली
RP Raghuvanshi
17 Feb 2025 08:44 PM
दिल्ली
RP Raghuvanshi
17 Feb 2025 08:44 PM
New Delhi Station New Rule : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर कई अहम कदम उठाए हैं। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे। महाकुंभ की भीड़ अभी भी बनी हुई है और यह स्थिति 26 फरवरी तक बनी रह सकती है। इस सब को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 5 बड़े फैसले लिए हैं ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।
प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अब 26 फरवरी तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद कर दी गई है। अब केवल बुजुर्गों को छोड़ने के लिए ही स्टेशन के अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी।
टिकट दिखाने के बाद प्लेटफॉर्म पर मिलेगी एंट्री
अब प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए यात्रियों को पहले अपना टिकट दिखाना होगा। बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और आरपीएफ जवानों की तैनाती भी की गई है। कंफर्म टिकट होने के बावजूद, यात्रियों को ट्रेन की टाइमिंग देख कर ही स्टेशन के अंदर जाने दिया जाएगा, ताकि प्लेटफॉर्म पर अधिक भीड़ न हो।
यात्रियों को खड़ा किया जाएगा कतार में
अब ट्रेन आने से पहले यात्रियों को कतार में खड़ा किया जाएगा, खासकर जनरल और स्लीपर कोच के यात्रियों के लिए। सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी न हो और हर यात्री को सही तरीके से ट्रेन में चढ़ने का मौका मिले।
स्टेशन के बाहर वेटिंग एरिया
जिन यात्रियों की ट्रेन में देरी है या जो जनरल टिकट पर यात्रा कर रहे हैं, उनके लिए स्टेशन के बाहर वेटिंग एरिया बनाए गए हैं। ट्रेन आने से पहले यात्रियों को सूचित किया जाएगा ताकि प्लेटफॉर्म पर केवल वही यात्री हों, जिनकी ट्रेन आने वाली हो।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया खास कदम
प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर एस्केलेटर को फिलहाल सीढ़ियों में बदल दिया गया है। यह कदम भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इन एस्केलेटरों को बंद कर दिया गया है, और इन स्थानों पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। बता दें कि, शनिवार रात की भगदड़ में बिहार के 9, दिल्ली के 8 और हरियाणा के 1 व्यक्ति की मौत हुई थी। सरकार ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। इस हादसे के बाद, रेलवे प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन कदमों को उठाया है।