Ed : एक्शन में ईडी: दिल्ली शराब घोटाला केस में तीन राज्यों में 35 जगहों पर छापेमारी
Enforcement Directorate
दिल्ली
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 12:54 PM
दिल्ली
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 12:54 PM
ED : नई दिल्ली। दिल्ली में कथित शराब घोटाला केस को लेकर ईडी फुल एक्शन में है। शुक्रवार को उसने दिल्ली, पंजाब और आंध्र प्रदेश में 35 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई अभी जारी है। ईडी की टीम इस मामले में तीसरी बार छापेमारी कर रही है। अब तक करीब 100 ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई कर चुकी है।
दिल्ली शराब घोटाला मामले में शराब कारोबारी समीर महेंद्रू और आम आदमी पार्टी के संचार प्रभारी विजय नायर को गिरफ्तार किया जा चुका है। शराब घोटाला केस में 17 अगस्त को एफआईआर दर्ज की गई थी। सीबीआई के मुताबिक, नायर ने नई आबकारी नीति बनाने, शराब की सप्लाई और बिक्री को चंद कंपनियों तक सीमित करने की धांधली में अहम भूमिका निभाई थी। इस सिलसिले मे दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर भी छापेमारी की जा चुकी है।
गौरतलब है कि दिल्ली की नई आबकारी नीति पर सवाल उठाए जा रहे थे। इसको देखते हुए उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। उनकी सिफारिश के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था। शराब घोटाला केस को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी में जुबानी जंग भी जारी है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि भाजपा पार्टी की लोकप्रियता से बौखला गई है, इसीलिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, भाजपा नेताओं ने मनीष सिसोदिया को डिप्टी सीएम के पद से हटाने की मांग की है।