गैस की सप्लाई को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच भारत में इंडक्शन कुकटॉप की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है। गैस सिलेंडर की संभावित कमी की आशंका से घबराए लोगों ने बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक चूल्हे यानी इंडक्शन कुकटॉप खरीदना शुरू कर दिया है।

New Delhi News : एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच भारत में इंडक्शन कुकटॉप की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है। गैस सिलेंडर की संभावित कमी की आशंका से घबराए लोगों ने बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक चूल्हे यानी इंडक्शन कुकटॉप खरीदना शुरू कर दिया है। नतीजा यह हुआ कि पिछले चार दिनों में देशभर में करीब 5 लाख से ज्यादा इंडक्शन कुकटॉप आॅनलाइन बिक गए हैं और कई कंपनियों का स्टॉक खत्म हो गया है।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन पर इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री ने रिकॉर्ड बना दिया। रिपोर्ट के मुताबिक केवल एक दिन में ही 1.34 लाख से ज्यादा इंडक्शन कुकटॉप बिक गए। आम तौर पर पूरे महीने में करीब 1.80 लाख इंडक्शन चूल्हे बिकते हैं, लेकिन अब लगभग उतनी ही बिक्री कुछ ही दिनों में हो रही है।
अमेजन के अलावा अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को मिलाकर चार दिनों में लगभग 5 लाख इंडक्शन कुकटॉप बिक चुके हैं। इससे साफ है कि गैस की अनिश्चितता के बीच लोग तेजी से इलेक्ट्रिक कुकिंग डिवाइस की ओर रुख कर रहे हैं। बढ़ती मांग के कारण कई कंपनियों के लिए सप्लाई बनाए रखना मुश्किल हो गया है। अमेजन पर इंडक्शन बेचने वाली करीब 100 कंपनियों में से 70 कंपनियों का स्टॉक खत्म हो चुका है। कई लोकप्रिय प्रोडक्ट कुछ ही घंटों में आउट आॅफ स्टॉक हो रहे हैं।
इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री में कुछ बड़े ब्रांड सबसे आगे रहे। इनमें
* प्रीजन 30,014 यूनिट
* प्रेस्टिज 29,878 यूनिट
* फिलिप्स 15,018 यूनिट
* केंट 7,657 यूनिट
* मिलन 4,736 यूनिट
इनके अलावा कई अन्य ब्रांड्स के भी हजारों यूनिट बिके।
ई-कॉमर्स कंपनियों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप से जुड़े सर्च और आॅर्डर दोनों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और गैस सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है तो आने वाले समय में इलेक्ट्रिक कुकिंग डिवाइस का बाजार और तेजी से बढ़ सकता है।
क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट समेत कई फास्ट डिलीवरी ऐप्स पर भी कई शहरों में इंडक्शन कुकटॉप आउट आॅफ स्टॉक हो गए हैं। इससे साफ है कि अचानक बढ़ी मांग ने पूरे बाजार पर असर डाला है। संकेत साफ हैं अगर गैस सप्लाई को लेकर स्थिति सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की मांग और तेजी से बढ़ सकती है।