Greater Noida Crime News : अपने देश के नागरिकों को अवैध दस्तावेज मुहैया कराते थे विदेशी
Foreigners used to provide illegal documents
भारत
चेतना मंच
18 Oct 2022 10:17 PM
Greater Noida Crime News : ग्रेटर नोएडा। भारत में अवैध रूप से रहने वाले नाइजीरियन नागरिकों को अवैध दस्तावेज मुहैया कराने वाले गैंग के तीन विदेशी नागरिकों को पकड़ने में थाना नॉलेज पार्क पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इनके कब्जे से 18 फर्जी पासपोर्ट और 21 वीजा बरामद हुए हैं। आरोपियों के पास से विदेशी एमडीए नामक मादक पदार्थ, नकली यूएस डॉलर, मोबाइल, लैपटॉप और दर्जनों सिम कार्ड भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए नाइजीरियन मूल के आरोपी महज 20 से 30 हजार रुपये में फर्जी वीजा व पासपोर्ट उपलब्ध कराकर देश की सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य कर रहे थे।
Greater Noida Crime News :
ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गत दिनों ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एक गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर किया था। इनके पास से बड़ी संख्या में फर्जी मोबाइल फोन के सिम बरामद हुए थे। पूछताछ के दौरान पता चला कि नाइजीरियन मूल के कुछ लोग अवैध रूप से फर्जी पासपोर्ट और वीजा उपलब्ध कराने का काम कर रहे हैं। थाना नॉलेज पार्क पुलिस व स्पेशल सेल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओला देले जीमो, कॉलिंस ओडिंबा और आजू डेनियल को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 18 फर्जी पासपोर्ट, 21 वीजा, नकली यूएस डॉलर, मादक पदार्थ, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन व फर्जी पते के आधार पर करीब 20 एक्टिव सिम, रबड़ स्टांप, एक होंडा सीआरवी कार, स्कूटी, चेक बुक और लैपटॉप आदि बरामद किये हैं।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी भारत में अवैध रूप से रह रहे नाइजीरियन मूल के लोगों को फर्जी पासपोर्ट और वीजा उपलब्ध कराते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वह महज 20 से 30 हजार रुपये में फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराते थे। वह 20 से 30 हजार रुपये लेकर भारत में अवैध रूप से निवास कर रहे नाइजीरियन मूल के लोगों को बिजनेस, एजुकेशनल व टूरिस्ट वीजा उपलब्ध कराते हैं। डीसीपी के मुताबिक इस गैंग के कुछ अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश की जा रही है।