Greater Noida Crime News : अपहरण व लूट में वांछित बदमाश गिरफ्तार
Greater Noida News: Caught stealing aluminum railing on the side of the expressway
भारत
चेतना मंच
29 Oct 2022 06:50 PM
Greater Noida Crime News : ग्रेटर नोएडा । अपहरण व लूट के मामले में वांछित चल रहे एक बदमाश को थाना कासना पुलिस ने सिरसा गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया है। इसके चार साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर ऋषभ तेवतिया पुत्र परविन्दर तेवतिया निवासी ग्राम चिपयाना बुजुर्ग को सिरसा गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पिछले 7 महीने से अपहरण व लूट की वारदात में वांछित चल रहा था। उन्होंने बताया कि गत 25 मार्च को मेरठ निवासी अमित कुमार मुतरेजा अपने ड्राइवर कुंदन सिंह के साथ ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जा रहे थे। इस दौरान सफारी गाड़ी में सवार 5 लोगों ने लड़पुरा गांव के पास ओवरटेक कर उनकी ब्रेज़ा कार को रुकवा लिया। गाड़ी में सवार परविंदर तेवतिया ने जान से मारने की नियत से अमित मुतरेजा पर पिस्टल से फायर कर दिया। विरोध करने पर परविंदर तेवतिया व उसके साथियों ने कुंदन सिंह व अमित कुमार के साथ मारपीट की और उन्हें अपनी गाड़ी में बंधक बना लिया और मेरठ ले गए। रास्ते में किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर कुंदन चलती गाड़ी से कूद गया और उसने इस घटना की जानकारी कासना पुलिस को दी थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परविंदर तेवतिया को गिरफ्तार कर अमित कुमार मुतरेजा को सकुशल बरामद कर लिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पूर्व में पुलिस ने इस मामले में परविंदर तेवतिया, ऋषभ व अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में ऋषभ पुत्र परविन्दर तेवतिया पिछले 7 महीने से वांछित चल रहा था।
Greater Noida Crime News :
पैसों के कारण दोस्ती में आई खटास
पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद दोस्ती में इस कदर खटास पैदा हुई कि परविंदर तेवतिया ने अमित मुतरेजा का अपहरण कर लिया। पुलिस के मुताबिक मेरठ निवासी अमित कुमार मुतरेजा और रिटायर्ड फौजी परविंदर तेवतिया आपस में अच्छे दोस्त थे। अमित पैसे लेकर लोगों को नौकरी लगाने का झांसा देता था। उसके झांसे में आकर परविंदर तेवतिया ने भी काफी लोगों के पैसे अमित को नौकरी लगवाने के लिए दिलवाए थे। अमित मुतरेजा ने पैसे लेने के बाद किसी की भी नौकरी नहीं लगवाई जिस कारण परविंदर पर लोगों ने अपने पैसों के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया था। परविंदर ने अमित से कई बार अपने पैसे वापस मांगे लेकिन उसने पैसे देने से इंकार कर दिया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यही कारण रहा कि परमिंदर तेवतिया ने अमित को अगवा कर लिया। उसकी सटीक लोकेशन की जानकारी के लिए परविंदर व उसके साथियों ने उसकी ब्रेजा कार में जीपीआरएस भी लगा दिया था। जीपीआरएस की लोकेशन के आधार पर ही उन्होंने 25 मार्च को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर अमित को घेर कर वारदात को अंजाम दिया था।