आयुष्मान कार्ड और वय वंदना योजना से दिल्ली में स्वास्थ्य सुधार
Ayushman Card :
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 04:55 AM
Ayushman Card : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कैबिनेट मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने दिल्ली के स्वास्थ्य सुधार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। इनमें से एक प्रमुख योजना आरोग्य मंदिर के लिए उपयुक्त जगह की तलाश थी, वहीं दूसरी योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना योजना के शीघ्र लागू होने की घोषणा की गई।
आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card)वितरण में तेजी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक में बताया कि दिल्ली में जल्द ही 1,69,000 आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card) वितरित किए जाएंगे। यह कार्ड नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान इस योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसमें लाभार्थियों की पहचान, जागरूकता अभियान और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस वितरण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहयोग करें, ताकि यह योजना अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना योजना
सीएम ने घोषणा की कि दिल्ली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'वय वंदना योजना' जल्द लागू की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य 70 साल से ऊपर के नागरिकों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत लाभ प्राप्त करने वाले नागरिकों की सूची तैयार करने के निर्देश सभी जनप्रतिनिधियों को दिए गए हैं। यह कदम उन नागरिकों के लिए विशेष रूप से अहम है, जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी अधिक आवश्यकता हो सकती है। Ayushman Card :
आरोग्य मंदिर के लिए एक सप्ताह में उपयुक्त स्थान की पहचान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक के दौरान यह भी बताया कि दिल्ली में कुल 1139 आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में 14-15 जन आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे, जो लोगों को सामान्य स्वास्थ्य परामर्श, जागरूकता, प्राथमिक उपचार और निवारक दवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एक हफ्ते के भीतर आरोग्य मंदिरों के लिए उपयुक्त सरकारी जगह की पहचान करें और इस सूची को स्वास्थ्य विभाग को भेजें।
स्वास्थ्य संबंधी सुधारों के लिए नई पहलें
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली में हर जिले में एक एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य लैब और 9 क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी बनाए जाएंगे, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को बेहतर बनाया जा सके।
इस बैठक में मंत्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इन्द्राज सिंह और डॉ. पंकज सिंह भी उपस्थित रहे। Ayushman Card :