दिल्ली-NCR में भारी बारिश का कहर, जलजमाव से जनजीवन बेहाल
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:25 AM
रक्षाबंधन के दिन सुबह से ही दिल्ली-NCR में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और दिनभर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। खासतौर पर पूर्वी और सेंट्रल दिल्ली में तेज बारिश के आसार हैं। Delhi-NCR Weather
राजधानी में जलजमाव से बुरा हाल
बारिश के बाद राजधानी दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है। आईटीओ, मिंटो रोड, आरके पुरम, वसंत कुंज, कनॉट प्लेस, साउथ एवेन्यू, पंचकुइयां रोड, संगम विहार, मंडी हाउस, मोती बाग जैसे प्रमुख स्थान जलभराव की चपेट में हैं। बीडी मार्ग पर स्थित सांसदों के फ्लैट्स के सामने स्थित नर्मदा अपार्टमेंट के पास भी भारी जलभराव देखा गया जहां हर बार बारिश में पानी भरना आम बात हो गई है।
एयरपोर्ट और उड़ानों पर असर
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) ने यात्रियों से अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क में रहने की अपील की है। भारी बारिश और शहर में जाम की वजह से यात्रियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है। इंडिगो और स्पाइसजेट ने भी ट्रैफिक को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि, DIAL ने बताया है कि अब तक कोई फ्लाइट डायवर्ट नहीं की गई है और एयरपोर्ट संचालन सामान्य है। एक यात्री ने बताया कि त्रिवेंद्रम से रात 11:45 बजे पहुंचने के बाद उन्हें मयूर विहार स्थित घर पहुंचने में तीन घंटे लग गए जबकि दूरी महज 25 किमी थी।
सुबह की बारिश के आंकड़े
सफदरजंग: 49.6 मिमी
पूसा: 47.0 मिमी
मयूर विहार: 42.0 मिमी
प्रगति मैदान: 40.6 मिमी
यमुना नदी का जलस्तर
सुबह 8 बजे यमुना का जलस्तर 204.4 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर (204.5 मीटर) से सिर्फ 10 सेमी कम है। हालांकि खतरे के स्तर (205.33 मीटर) से नदी अब भी लगभग 93 सेमी नीचे बह रही है।
बारिश के चलते NH-9, विजयनगर अंडरपास, और रेलवे स्टेशन मार्ग पर पानी भर गया है। लोग वाहन लेकर जलभराव से जूझते नजर आए।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा
सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सूरजपुर कस्बे समेत कई क्षेत्रों में लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। प्राधिकरण के जल निकासी के दावों की पोल खुल गई है।
मौसम पूर्वानुमान
IMD के मुताबिक, अधिकतम तापमान 36°C, न्यूनतम तापमान 27°C। 12 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। दिल्ली से सटे राज्य हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अनुमान है। 11 और 12 अगस्त को 3 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 20 जून से अब तक बारिश जनित घटनाओं में 202 लोगों की जान जा चुकी है। अगस्त में हिमाचल में सामान्य से 35% ज्यादा और शिमला व मंडी में 65% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। Delhi-NCR Weather