IMD Weather Update: दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले 5 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी। जानिए आज का मौसम और कहां होगी सबसे ज्यादा बारिश।

अगस्त की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अगस्त से 8 अगस्त तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली और एनसीआर के लोगों को अगले पांच दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह, शाम तथा रात के समय कई बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। यही मौसम 5 अगस्त से 8 अगस्त तक बने रहने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी मानसून का असर साफ दिखाई देगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 से 7 अगस्त तक अच्छी बारिश होने की संभावना है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। बिहार में 5 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है जबकि झारखंड में 7 अगस्त तक कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 9 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 3 अगस्त से 7 अगस्त के बीच कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। इन राज्यों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में 6 अगस्त से 9 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में भी 9 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है जबकि विदर्भ क्षेत्र में 7 और 8 अगस्त को अच्छी बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश और आंधी आने की संभावना है।
दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में अगले एक सप्ताह तक तेज बारिश हो सकती है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 4 अगस्त से 9 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में भी लोगों को मौसम से जुडेक अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
विज्ञापन