लाल किले से चोरी हुआ 1 करोड़ का सोने का कलश बरामद, आरोपी गिरफ्तार
भारत
चेतना मंच
08 Sep 2025 01:48 PM
राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर से चोरी हुआ 1 करोड़ रुपये मूल्य का सोने और रत्नों से जड़ा कलश अब जाकर उत्तर प्रदेश के हापुड़ से बरामद कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। चोरी हुए कुल तीन कलशों में से केवल एक अब तक बरामद हुआ है। बता दें कि दिल्ली का यह मामला काफी तेजी से वायरल हुआ था जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया था। Delhi News
CCTV से मिली सुराग
लाल किले के 15 अगस्त पार्क में जैन समाज के धार्मिक अनुष्ठान के दौरान यह चोरी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि धोती पहने एक व्यक्ति पूजा स्थल तक पहुंचा, मौके का फायदा उठाया और कलश को झोले में डालकर फरार हो गया। फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया और आखिरकार पुलिस की टीमें आरोपियों तक पहुंचने में सफल रहीं।
कलश में था सोना और बहुमूल्य रत्न
बरामद कलश सिर्फ एक आभूषण नहीं बल्कि जैन समाज के प्रतिदिन के पूजन में प्रयुक्त होने वाला पवित्र पात्र था। इसमें लगभग 760 ग्राम सोना, और 150 ग्राम हीरा, पन्ना, माणिक्य जैसे बहुमूल्य रत्न जड़े थे। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हापुड़ में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि उन्होंने कुल तीन कलश चुराए थे। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी दो कलश भी बरामद कर लिए जाएंगे और अन्य फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
इस चोरी से जैन समुदाय में भारी नाराजगी है क्योंकि यह कलश केवल धन-संपदा नहीं, बल्कि एक धार्मिक आस्था का प्रतीक था। समुदाय के लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। Delhi News