दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता : 17 छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद गिरफ्तार
दिल्ली
RP Raghuvanshi
28 Sep 2025 01:12 PM
दिल्ली पुलिस ने वसंत कुंज की श्री शारदा इंस्टीट्यूट आॅफ मैनेजमेंट की 17 छात्राओं के साथ यौन शोषण के आरोपों में फरार चल रहे स्वामी चैतन्यानंद को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को आगरा से अल सुबह लगभग साढ़े तीन बजे पकड़ा। सूत्रों के अनुसार चैतन्यानंद आगरा के एक होटल में छिपा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद उसे आज दिल्ली की अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पहले आरोपी ने अग्रिम जमानत की याचिका भी दाखिल की थी, जिसे दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने खारिज कर दिया था। New Delhi News :
यौन शोषण के आरोपी का खाता फ्रीज किया
पुलिस ने बताया कि चैतन्यानंद ने खुद को संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि बताकर मामलों से बचने की कोशिश की। इसके अलावा आरोपी से जुड़े लगभग 8 करोड़ रुपये को भी फ्रीज कर दिया गया है। यह राशि पार्थसारथी द्वारा बनाए गए ट्रस्ट के 18 खातों और 28 एफडी में जमा थी। पीड़ित छात्राओं ने आरोप लगाया कि चैतन्यानंद उन्हें रात में अपने कमरे में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। इसके साथ ही हॉस्टल के कमरों में सीसीटीवी लगाने और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। छात्राओं के अनुसार, कई बार उन्हें विदेश यात्रा के लिए दबाव भी डाला गया।
विरोध करने पर दी गई धमकियाँ
जो छात्राएं विरोध करती थीं, उनके अंकों में कटौती की जाती और डिग्री रोक दी जाती थी। शिकायत में तीन महिला स्टाफ सदस्यों के नाम भी शामिल हैं, जिन पर छात्रों पर दबाव डालने और सबूत मिटाने का आरोप है। एक पीड़िता ने बताया कि स्वामी ने उसका मोबाइल छीन लिया, उसे हॉस्टल में अलग-थलग रखा और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी। साथ ही धमकी दी कि अगर उसने विरोध किया, तो उसका राज प्रभावशाली लोगों के सामने उजागर कर दिया जाएगा। दिल्ली पुलिस की इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है, और मामले की आगे की जांच जारी है। New Delhi News