
Noida News नोएडा / इलाहाबाद ।नोएडा के सेक्टर-93बी एक महिला के साथ बदतमीज़ी करने वाले चर्चित माफ़िया सरग़ना श्रीकांत त्यागी को अब गैंगस्टर एक्ट में भी भी आज सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। जिसके बाद अब त्यागी के जेल से रिहा होने का रास्ता साफ हो गया है। यहां बड़ी बात यह है कि श्रीकांत ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। वह बीते लगभग दो महीने से लुक्सर जेल में बन्द है। उसे महिला से बदसलूकी के मामले जिला अदालत से पहले ही जमानत मिल गई थी।
सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में एक महिला के साथ बदसलूकी के आरोपी श्रीकांत त्यागी को अब इलाहाबाद हाईकोर्ट से गैंगस्टर एक्ट में भी जमानत मिल गई है। गौरतलब है कि महिला से बदसलूकी मामले में उसका वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार करने से कतरा रही थी। जिसके चलते यह मामला सीएम योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया था। उसके बाद मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की निगरानी के लिए डीजीपी और अपर मुख्य सचिव को लगाया था। उसके बाद शासन के दबाव के चलते उसने सरैन्डर कर दिया था पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जेल में बंद श्रीकांत त्यागी को इस मामले में जमानत मिल गई थी, लेकिन गैंगस्टर मामले में उसकी जमानत अर्जी जिला न्यायालय ने खारिज कर दी थी। जिसके बाद उसने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जमानत की अर्जी लगाई थी। जिसपर आज सोमवार को श्रीकांत त्यागी के वकील सचिन भाटी ने बताया कि श्रीकांत त्यागी को गैंगस्टर मामले में भी इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है।
वहीं यह भी जानकारी सामने आई है की श्रीकांत ने सुरक्षा को लेकर भी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। जिसमे उसने घटना के बाद फैले तनाव को ध्यान में रखते हुए जेल से रिहा होने के साथ ही सुरक्षा की मांग की है।
बता दें कि महिला के साथ बदसलूकी मामले में खूब राजनीति भी हुई। स्थानीय सांसद डाक्टर महेश शर्मा के इस मामले में महिला की तरफ से सामने आने के बाद त्यागी समाज के लोग भी गोलबंद हो गए। तमाम प्रेस कॉन्फ्रेंस और महापंचायत की गई। एक तरफ महिला के साथ बदसलूकी के आरोपी श्रीकांत त्यागी के विरोधी खड़े हुए, दूसरी ओर त्यागी समाज के लोग श्रीकांत त्यागी की पत्नी व मामी के उत्पीड़न का पुलिस पर आरोप लगाकर मैदान में आ डटे थे। अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि श्रीकांत त्यागी की रिहाई के बाद त्यागी समाज किस प्रकार अपनी प्रतिक्रिया देता है ।