Noida News : सहारा के गेट पर बीमार मां के साथ बेमियादी धरने पर बैठा राज्य स्तरीय खिलाड़ी
State level player sitting on indefinite dharna with ailing mother at Sahara's gate
भारत
चेतना मंच
08 Nov 2022 10:25 PM
Noida News : नोएडा। गढ़ी गांव निवासी एक नेशनल खिलाड़ी अपनी बीमार मां के साथ सेक्टर-11 स्थित सहारा दफ्तर के सामने बेमियादी धरने पर बैठा है। उसका आरोप है कि सहारा गु्रप उसके करोड़ो रुपये नहीं दे रहा है।
चेतना मंच के साथ बातचीत के दौरान चंद्र किशोर यादव ने बताया कि वह मूल रूप से गढ़ी गांव का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि कई वर्ष पूर्व उसके पिता शिव कुमार यादव ने सहारा होम्स के हरिद्वार और गाजियाबाद में लांच हुई योजना में फ्लैट बुक कराए थे। उसका मूल्य लगभग डेढ़ करोड़ रुपये था। फ्लैटों की बुकिंग के लिए पिता ने मोटी रकम सहारा के खाते में जमा की थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दोनों ही प्रोजेक्ट पूरे नहीं हुए तो सहारा प्रबंधन ने उनकी रकम को फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में डाल दिया। वह रकम ब्याज के साथ बढ़ते बढ़ते लगभग 3.30 करोड़ हो गया।
Noida News :
चंद्र किशोर यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले वह पैसे की मांग को लेकर सहारा ऑफिस के गेट पर बैठ गए। उसके बाद सहारा प्रबंधन ने उन्हें जेल भिजवा दिया। उस समय मैंने कहा था कि भले ही मुझे जेल भेज दो, लेकिन हमारे पैसे दे दो। उसके बाद सहारा प्रबंधन ने पैसे देने का आश्वासन दिया। सहारा उन्हें हर महीने कभी एक और कभी दो लाख रुपये देता रहा। इस तरह उन्हें एक करोड़ 20 लाख रुपये मिल चुके हैं। लेकिन, सहारा गु्रप पर अब भी एक करोड़ 70 लाख रुपये बाकी है।
सहारा दफ्तर के सामने बेमियादी धरने पर बैठे चंद्र किशोर यादव ने बताया कि कुछ दिनों तक तो उन्हें पैसे मिलते रहे, लेकिन बाद में सहारा ने पैसे देने बंद कर दिए। बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद उसे पैसे नहीं मिले। आखिर, मजबूर होकर उसे अपनी बीमार मां के साथ बेमियादी धरने पर बैठना पड़ा। उन्होंने बताया कि सहारा कंपनी की वजह से उसके पिता सदमे से अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उनका गाजियाबाद में इलाज चल रहा है।
चंद्र किशोर यादव खुद स्टेट लेवल के शूटर हैं। अब वह नेशनल चैंपियनशिप के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों, किसान संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक दलों से मदद की गुहार लगाई है।