Noida News : किडनी ट्रांसप्लांट कराने वालों की लाचारी को बना लिया धंधा
kidney transplanters
Crore fraud gang busted
भारत
RP Raghuvanshi
12 Nov 2022 07:10 PM
Noida News : नोएडा । किडनी की भयानक बीमारी से पीडि़त लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर करोड़ों रुपए ठगने वाले गिरोह का थाना सेक्टर-63 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है जबकि फरार सरगना की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
Noida News :
एडीसीपी सेंट्रल साद मियां खान ने बताया कि थाना सेक्टर-63 प्रभारी अमित कुमार मान ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर-63 एच ब्लॉक से शिवम सिंह उर्फ अविनाश पुत्र विष्णु पाल सिंह, प्रवीण कश्यप पुत्र कदम सिंह निवासी उत्तराखंड व अनुज पांडे उर्फ अन्नू पुत्र प्रेम नारायण पांडे निवासी मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह फेसबुक तथा अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों को किडनी उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। मरीजों के संपर्क करने पर यह उन्हें विश्वास में लेने के लिए उनकी फर्जी मेडिकल जांच तक कराते थे। मरीज व उनके परिजनों को विश्वास में लेने के बाद यह उनसे लाखों रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे और उसके बाद रफूचक्कर हो जाते थे। एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि अब तक वह किडनी ट्रांसप्लांट कराने का झांसा देकर दर्जनों लोगों से ठगी कर चुके हैं। आरोपियों ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड का नाम मोहित यादव बताया है जो पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।