अब डिज्नीलैंड जैसी दुनिया NCR में, हरियाणा सरकार ने शुरू की तैयारी!
NCR Disneyland
दिल्ली
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:07 AM
NCR Disneyland : हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को यमुनानगर दौरे के दौरान एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार NCR क्षेत्र में 500 एकड़ भूमि पर डिज्नीलैंड की तर्ज पर भव्य टूरिज्म डेस्टिनेशन विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
जल्द ही लिया जाएगा अंतिम निर्णय
डॉ. शर्मा ने बताया कि, इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से चर्चा की है और जल्द ही इस पर सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद है। डिज्नीलैंड के लिए दो-तीन संभावित लोकेशन चिन्हित की गई हैं और जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा, "हरियाणा को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में राज्य के पांच प्रमुख पर्यटन परिसरों को PPP (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर संचालित करने की योजना बनाई जा रही है।"
पर्यटन और जेल व्यवस्था में बदलाव की बात
पर्यटन मंत्री ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू होने के बाद हरियाणा के पर्यटन परिसरों में व्यवस्थाओं में काफी सुधार देखने को मिला है। इसके अलावा, उन्होंने जेल सुधार की दिशा में भी नई पहल की जानकारी दी। अब राज्य की जेलों में नियमित रूप से योग सत्र आयोजित किए जाएंगे और सप्ताह में एक बार श्रीमद्भगवद गीता के उपदेश दिए जाएंगे, ताकि बंदियों की मानसिक स्थिति को बेहतर बनाया जा सके।
भगवान परशुराम जयंती के लिए दिया न्योता
अपने दौरे के दौरान डॉ. शर्मा ने यमुनानगर के ब्राह्मण समाज और अन्य समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उन्हें 30 मई को रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जयंती समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। NCR Disneyland