विज्ञापन

Shraddha Murder Case: दिल्ली के श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला को पुलिस ने आज साकेट कोर्ट में ऑनलाइन पेश किया। कोर्ट में आफताब के बयान हुए। इस दौरान आफताब ने बताया कि गुस्से में आकर उसने श्रद्धा का मर्डर किया है और जांच में मैं पुलिस की पूरी सहायता कर रहा हूं। आफताब ने यह भी कहा कि मुझे पूरी घटना को याद करने में दिक्कत हो रही है।
आपको बता दें कि आज सुबह आफताब को कोर्ट में ऑनलाइन पेश किया गया। सुनवाई के दौरान कोर्ट से पुलिस ने आफताब की कस्टडी मांगी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए आफताब को चार दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया। कोर्ट में आफताब ने कहा कि मैं ने पुलिस को घटना का पूरा सच बता दिया है, मैं इस पूरे मामले में पुलिस की जांच में पूरी मदद कर रहा हूं।
आपको बता दें कि आफताब का जल्द ही पुलिस नार्को टेस्ट कराएगी, इसके लिए तैयारियां चल रही है। कोर्ट ने आफताब के नार्को टेस्ट की पहले ही अनुमति दे दी थी, कोर्ट ने पांच दिन के भीतर नार्को टेस्ट कराने को कहा था।
जज के सामने आफताब ने कहा कि जो कुछ हुआ वह गुस्से में हुआ, मुझसे जो भी हुआ वह बिना सोचे-समझे गुस्से में हो गया है। सुनवाई के दौरान पुलिस ने कहा कि आफताब पुलिस को गुमराह कर रहा है, वह गलत बयान दे रहा है। बता दें कि श्रद्धा के शव के अवशेषों को पुलिस ढूंढ़ रही है। अभी तक 13 हड्डियां मिली हैं लेकिन श्रद्धा का सिर अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है। एक तरफ जहां इस मामले की दिल्ली पुलिस जांच कर रही है तो दूसरी तरफ दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दायर करके इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई है।
हत्या के बाद आफताब के खिलाफ दिल्ली पुलिस इस मालमे में सबूत इकट्ठे कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आफताब ने किसी कसाई की तरह श्रद्धा की हत्या के बाद 10 घंटे तक उसके शव को काटता रहा। उसने शव को काटने के लिए आरी, हथोड़ी, चापड़ का इस्तेमाल किया था। ऐसे में यह स्पष्ट है कि आफताब ने इस हत्या के बाद शव को काटने के लिए योजना बनाई और इसी योजना के तहत हथियार खरीदे।
पुलिस आफताब द्वारा शव को काटने के लिए इस्तेमाल किए गए हथियारों की तलाश कर रही है, जिससे यह साबित किया जा सके कि इन हथियारों का ही इस्तेमाल किया गया। आफताब ने यह जानकारी भी दी है कि उसने इन हथियारों को कहां फेंका है। हालांकि समय काफी ज्यादा हो गया है इसलिए आफताब कह रहा है कि उसे सटीक तौर पर यह याद नहीं है कि उसने इसे कहां फेका है। साकेत कोर्ट में आफताब ने वीडियो पेशी के दौरान कहा कि मैंने जो भी गलती की गुस्से में आकर की। ऐसे में आफताब ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में यह कबूल लिया है कि उसने यह हत्या की है। पहली बार आफताब ने जज के सामने हत्या की बात कबूली है।
विज्ञापन