पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में ई-रिक्शा से जुड़ी लूट और जबरन वसूली की घटनाओं में लगातार इज़ाफ़ा हो रहा है। दैनिक सफर करने वाले यात्री अब दहशत में हैं और मजबूरी में जोखिम उठाकर यात्रा कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार कई ई-रिक्शा चालक उत्तम नगर पूर्व–पश्चिम से लेकर द्वारका मोड़ तक की पूरी दूरी की सवारी का दावा कर पहले ही पूरा किराया ले लेते हैं। लेकिन मंज़िल तक छोड़ने के बजाय वे यात्रियों को नवादा मेट्रो स्टेशन के आसपास आधे रास्ते में उतारकर आगे बढ़ने के लिए अतिरिक्त पैसा मांगने लगते हैं। विरोध करने पर चालक यात्रियों को धमकाते हैं और रिक्शे में बैठी कुछ कथित “सवारियाँ” जो वास्तव में उनके ही साथी बताए जा रहे हैं भी मिलकर दबाव बनाती हैं।
दैनिक यात्रियों का कहना है कि इस घटनाक्रम से सबसे अधिक प्रभावित महिलाएँ, छात्र, ऑफिस जाने वाले लोग और बुज़ुर्ग हैं। कई यात्रियों ने बताया कि धमकियों और बहसबाजी से बचने के लिए उन्हें मजबूरन अतिरिक्त पैसे देने पड़ते हैं।
क्षेत्र में बढ़ती इस तरह की घटनाओं को लोग गैंग-जैसी गतिविधि बताते हुए चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ई-रिक्शा से यात्रा करना पूरी तरह असुरक्षित हो जाएगा।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस और ट्रैफिक विभाग से कड़ी निगरानी, सख़्त चेकिंग और ऐसे चालकों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।