UP News : ग्राम प्रधानों से अपील, ट्रैक्टर ट्रॉली में यात्रा से रोकें
Appeal to village heads, stop traveling in tractor trolley
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:16 PM
UP News : नोएडा/ गाजियाबाद । कानपुर में गत दिनों ट्रैक्टर ट्रॉली में यात्रा कर रहे 27 लोगों की दुर्घटना में असमय मौत के बाद संभागीय परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। ट्रैक्टर ट्रॉली में यात्रा तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने सभी ग्राम प्रधानों को पत्र लिखकर ग्रामीणों को जागरूक करने की अपील की है।
UP News :
आरटीओ (प्रवर्तन) गाजियाबाद केडी सिंह गौर ने जनपद गौतमबुद्धनगर के 88 ग्राम प्रधानों को लिखे पत्र में कहा है कि गत दिनों जनपद कानपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली में यात्रा कर रहे 27 लोग दुर्घटनाग्रस्त होकर असमय ही मृत्यु को प्राप्त हो गए। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से अनुरोध किया कि वह अपने गांव के लोगों को ट्रैक्टर ट्रॉली में सवारी ना बैठाने तथा ट्राली में बैठकर यात्रा करने से रोकने के लिए जागरूक करें। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों का आह्वान किया कि वह अपनी ग्राम पंचायत के सभी ग्रामीणों को ट्रैक्टर ट्रॉली से यात्रा न करने तथा सुरक्षित यात्रा के लिए वैध परिवहन साधन अपनाने के लिए प्रेरित करें।
UP News :
आरटीओ ने ग्राम प्रधानों का अहवान किया है कि वह अपने गांव में ग्राम सभा की बैठक बुलाकर इस आशय का प्रस्ताव भी पारित करें कि गांव का कोई भी व्यक्ति ट्रैक्टर ट्राली का उपयोग सिर्फ कृषि उत्पादों, खाद्यान्न या निजी आवश्यकताओं संबंधी माल वहन के लिए ही करेगा। आरटीओ ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली कृषि उत्पादों, खाद्यान्न, व्यक्ति की निजी आवश्यकताओं संबंधी माल वहन के लिए है ना कि सवारी बैठाने के लिए।
उन्होंने कहा कि आज भी ग्रामीण परिवेश में बड़ी संख्या में लोग शादी, बरात, सत्संग अथवा तीर्थ स्थल जाने के लिए ट्रैक्टर ट्राली का उपयोग करते हैं। यह न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि ऐसी यात्राएं दुर्घटनाओं को निमंत्रित करने का साधन बनती हैं।