'द बंगाल फाइल्स' पर बवाल, सास्वत चटर्जी ने झाड़ा पल्ला
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:53 AM
विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार फिल्म के एक प्रमुख कलाकार सास्वत चटर्जी ने खुद को इससे अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि वो सिर्फ एक अभिनेता हैं, इतिहासकार नहीं, इसलिए किसी कहानी की राजनीतिक या ऐतिहासिक सटीकता पर टिप्पणी करना उनका काम नहीं है। The Bengal Files
'द दिल्ली फाइल्स' से 'द बंगाल फाइल्स' तक
सास्वत ने एक इंटरव्यू में बताया कि फिल्म का नाम पहले 'द दिल्ली फाइल्स' था, जिसकी शूटिंग उन्होंने पूरी कर ली थी। लेकिन बाद में इसका नाम 'द बंगाल फाइल्स' कर दिया गया, जिसकी उन्हें जानकारी तक नहीं दी गई। उनका कहना है कि आजकल ट्रेंड बन गया है कि पूरी स्क्रिप्ट नहीं सिर्फ अभिनेता को उसका ट्रैक दिया जाता है।
क्यों हुए सास्वत अलग?
सास्वत ने साफ किया कि उन्हें फिल्म की पूरी कहानी की जानकारी नहीं थी, सिर्फ उनका किरदार बताया गया था, जो एक विलेन का रोल है। उन्होंने कहा, “मैं किसी ऐतिहासिक घटनाक्रम की सच्चाई का विश्लेषण नहीं कर सकता। अगर किसी को लगता है कि बंगाल को गलत तरीके से दिखाया गया है, तो वे कोर्ट जा सकते हैं। मैं सिर्फ एक भूमिका निभा रहा था।”
गोपाल मुखर्जी की भूमिका पर विवाद
फिल्म में 1946 के दंगों और गोपाल मुखर्जी की भूमिका को लेकर काफी बवाल मचा है। ट्रेलर में उन्हें "कसाई गोपाल पाठा" कहे जाने पर उनके पोते शांतनु मुखर्जी ने नाराजगी जताई और विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ लीगल नोटिस और एफआईआर दर्ज कराई है। शांतनु ने कहा, “मेरे दादा एक स्वतंत्रता सेनानी थे। उनका तुलना कसाई से करना अपमान है। विवेक जी को सही रिसर्च करनी चाहिए थी।”
ट्रेलर लॉन्च पर भी राजनीति?
16 अगस्त को कोलकाता में ट्रेलर लॉन्च का कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया गया। अग्निहोत्री का आरोप है कि यह सब राजनीतिक दबाव के चलते हुआ। उन्होंने एक वीडियो संदेश में इसे तानाशाही और फासीवाद करार दिया। उन्होंने कहा,“हमारे पास परमिशन थी, फिर भी इवेंट रोक दिया गया। हम कोई अपराधी नहीं हैं, लेकिन हमारे साथ ऐसा व्यवहार क्यों हो रहा है?”
'द बंगाल फाइल्स' में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, सास्वत चटर्जी, दिव्येंदु भट्टाचार्य और पुनीत इस्सर जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 5 सितंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। The Bengal Files