आमिर खान ने ठुकराई दादासाहेब फाल्के की बायोपिक की स्क्रिप्ट! राजू- अभिजात भी रह गए दंग
भारत
चेतना मंच
17 Sep 2025 03:50 PM
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म दादासाहेब फाल्के की बायोपिक को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म की शुरुआत अब फिलहाल टल गई है। वजह यह है कि आमिर खान को फिल्म की स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई और उन्होंने इसे होल्ड पर डालने का फैसला किया।
स्क्रिप्ट में कमी बताई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आमिर खान ने हाल ही में फिल्म की स्क्रिप्ट सुनी जो मशहूर फिल्मकार राजकुमार हिरानी और लेखक अभिजात जोशी ने तैयार की थी। आमिर को लगा कि कहानी में थिएटर दर्शकों के लिए पर्याप्त मनोरंजन तत्व नहीं हैं। उन्हें उम्मीद थी कि स्क्रिप्ट में इमोशन और ड्रामा के साथ हल्की-फुल्की कॉमेडी भी होगी, लेकिन ह्यूमर की कमी ने उन्हें निराश कर दिया। इसी वजह से उन्होंने हिरानी और अभिजात से स्क्रिप्ट को दोबारा लिखने के लिए कहा है।
हिरानी और अभिजात हुए हैरान
खबरों के मुताबिक, राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी, आमिर खान की इस प्रतिक्रिया से काफ़ी हैरान रह गए। यह फिल्म अक्टूबर की शुरुआत से फ्लोर पर जाने वाली थी, लेकिन अब शूटिंग की योजना रोक दी गई है। फिलहाल आमिर खान नए सब्जेक्ट्स की तलाश में हैं और इंडस्ट्री भर से स्क्रिप्ट्स सुन रहे हैं।
सफल जोड़ी रही है हिरानी-अभिजात की
बता दें कि राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी हिंदी सिनेमा की मशहूर और सफल जोड़ी हैं। इस जोड़ी ने ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’ और ‘संजू’ जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे दादासाहेब फाल्के की बायोपिक की स्क्रिप्ट को आमिर खान की उम्मीदों के मुताबिक दोबारा लिख पाएंगे या नहीं।
नाम, चेहरा और इज्जत के लिए कोर्ट पहुंच रहे सितारे, क्या है Personality Rights?