बिना इजाजत बिक रही ऐश्वर्या की तस्वीरें, दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल
भारत
RP Raghuvanshi
09 Sep 2025 01:59 PM
भारत
RP Raghuvanshi
09 Sep 2025 01:59 PM
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ अज्ञात लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से उनकी फेक और आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर इंटरनेट पर प्रसारित कर रहे हैं और उनका व्यवसायिक इस्तेमाल बिना उनकी अनुमति के कर रहे हैं। Aishwarya Rai
क्या है मामला?
ऐश्वर्या राय ने अपनी याचिका में कहा है कि उनके नाम, छवि और पहचान का गलत तरीके से इस्तेमाल हो रहा है। उनकी नकली AI-जेनरेटेड इंटीमेट तस्वीरें तैयार कर मग, कॉपी, टी-शर्ट और अन्य प्रोडक्ट्स बेचे जा रहे हैं। इतना ही नहीं इन तस्वीरों को अश्लील प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने अदालत से अपील की है कि इस तरह के फेक कंटेंट पर तत्काल रोक लगाई जाए और उनके पर्सनालिटी राइट्स (व्यक्तित्व अधिकारों) की रक्षा की जाए।
कोर्ट की प्रतिक्रिया और वकीलों की दलीलें
मामले की सुनवाई कर रहे जस्टिस तेजसवी करिया ने मौखिक रूप से संकेत दिया कि वह इस पर एक अंतरिम आदेश पारित करेंगे। ऐश्वर्या की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप सेठी ने अदालत में कहा, "मेरी मुवक्किल के नाम, छवि और व्यक्तित्व का कोई भी व्यक्ति उसकी अनुमति के बिना उपयोग नहीं कर सकता। यहां तक कि कुछ फर्जी तस्वीरों को यौन विषयवस्तु के साथ जोड़कर अश्लील वेबसाइट्स पर डाला जा रहा है। ये सरासर शोषण है।" वकील ने तर्क दिया कि यह सिर्फ छवि की चोरी नहीं बल्कि एक महिला की गरिमा के साथ खिलवाड़ है।
व्यक्तिगत स्वतंत्रता और गरिमा पर हमला
इस याचिका में एक बड़ा मुद्दा यह भी है कि किस तरह आज के डिजिटल युग में AI टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग करके सेलिब्रिटीज की छवि और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई जा रही है। वकील ने यह भी बताया कि कुछ वेबसाइट्स इन फर्जी तस्वीरों से पैसा कमा रही हैं जो कि गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
कोर्ट ने मामले को अब 7 नवंबर 2025 को संयुक्त रजिस्ट्रार के सामने और 15 जनवरी 2026 को मुख्य अदालत के सामने सूचीबद्ध किया है।ऐश्वर्या राय बच्चन जैसी जानी-मानी शख्सियत द्वारा कोर्ट में उठाया गया यह कदम आने वाले समय में AI रेगुलेशन, पर्सनालिटी राइट्स और डिजिटल गरिमा की सुरक्षा को लेकर एक मिसाल बन सकता है। यह केस केवल एक सेलिब्रिटी की निजता की बात नहीं, बल्कि समाज में AI के गलत इस्तेमाल से होने वाले खतरों को लेकर भी चेतावनी है। Aishwarya Rai