ऐश्वर्या राय बच्चन पनामा पेपर्स लीक मामले में फंसीं, ED ने पूछताछ को बुलाया
Aishwarya Rai Bachchan
भारत
सुप्रिया श्रीवास्तव
29 Nov 2025 12:38 AM
ऐश्वर्या रॉय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) भारतीय फिल्म अभिनेत्री और 1994 की मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की विजेता रही हैं। उनका बॉलीवुड में करियर शानदार रहा है और वे भारत की पापुलर और हाईप्रोफाइल सेलिब्रिटीज में से एक मानी जाती हैं। उन्हें कई पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है। उन्हें 2 बार फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका है। उन्हें भारत सरकार की ओर से 2009 में पद्मश्री और 2012 में फ्रांस सरकार की ओर से औरड्रे डेस आर्टस एट डेस लेट्रेस से सम्मानित किया जा चुका है। वे दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला मानी जाती हैं। बताते चलें कि बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) और उनका परिवार मुश्किल में फंस सकता है। आज 20 दिसंबर सोमवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या (Aishwarya Rai Bachchan) राय दिल्ली के लोकनायक भवन में ईडी के सामने पेश होना था लेकिन उन्होंने ईडी के सामने पेश होने से मना कर दिया है। बता दें दुनिया के बहुचर्चित पनामा पेपर्स मामले में यह पेशी हो रही है। यही नहीं सूत्रों के मुताबिक इस केस में जल्द ही अमिताभ बच्चन को भी समन भेजा जा सकता है। बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारियों ने ऐश्वर्या से होने वाले सवालों की लिस्ट पहले से ही तैयार कर ली है। ED ने इस मामले में मनी लॉड्रिंग का मामला दर्ज किया था। एक महीने पहले अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) भी ईडी कार्यालय में पहुंचे थे। वे कुछ दस्तावेज भी ईडी अधिकारियों को सौंपे चुके हैं।
क्या हैं आरोप
आरोप है कि अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) को 4 कंपनियों का डायरेक्टर बनाया गया था। इनमें से तीन बहामास और एक वर्जिन आइलैंड्स में थी। इन कंपनियों को 1993 में बनाया गया। इन कंपनियों की पूंजी 5 हजार से 50 हजार डॉलर के बीच थी। वहीं ऐश्वर्या राय (Aiswarya Rai Bachchan) को पहले एक कंपनी का डायरेक्टर बनाया गया था। बाद में उन्हें कंपनी का शेयर होल्डर डिक्लेयर कर दिया गया। कंपनी का नाम अमिक पार्टनर्स प्राइवेट लिमिटेड था। इसका हेडक्वार्टर वर्जिन आइलैंड्स में था। ऐश्वर्या के अलावा पिता के. राय, मां वृंदा राय और भाई आदित्य राय भी कंपनी में उनके पार्टनर थे।
क्या है पनामा पेपर लीक
साल 2016 में ब्रिटेन में पनामा की लॉ फर्म के 1.15 करोड़ टैक्स डॉक्युमेंट लीक हुए थे। इस मामले में भारत के करीब 500 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी। इन लोगों पर टैक्स की हेराफेरी का आरोप है, जिसको लेकर टैक्स अथॉरिटी जांच में जुटी हैं। इनमें नेता, अभिनेता, खिलाड़ी, बिजनेसमैन जैसे प्रमुख लोगों के नाम हैं। बता दें कि पहले भी कई बॉलीवुड सितारे अलग-अलग मामलों में ईडी और इनकम टैक्स के शिकंजे में फंस चुके हैं। मसलन, जैकलीन फर्नांडीज, नोरा फतेही, तापसी पन्नू आदि से अलग-अलग मामलों में पूछताछ हुई थी।