साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के परिवार में इस वक्त शोक की लहर है। अभिनेता की दादी और दिग्गज कलाकार अल्लू रामलिंगैया की पत्नी अल्लू कनकारतन्म का 94 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं और शनिवार देर रात लगभग 1:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अल्लू कनकारतन्म के निधन से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे टॉलीवुड में मायूसी छा गई है। परिवार के करीबी और इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े सितारे श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पहुंच रहे हैं। आज उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद के कोकापेट में किया जाएगा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें अल्लू अर्जुन अपने चाचा और मेगास्टार चिरंजीवी के साथ दादी को कंधा देते हुए नजर आ रहे हैं। Allu Arjun
अल्लू अर्जुन ने बीच में छोड़ी शूटिंग
मिली जानकारी के अनुसार, अल्लू अर्जुन इस समय मुंबई में डायरेक्टर एटली की फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे। जैसे ही उन्हें दादी के निधन की खबर मिली, वे तत्काल हैदराबाद के लिए रवाना हो गए। वहीं, अभिनेता राम चरण ने भी अपनी फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग रद्द कर दी है और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। फैमिली से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अभिनेता पवन कल्याण और नागाबाबू वर्तमान में किसी आधिकारिक मीटिंग के लिए बाहर हैं, लेकिन वे जल्द ही लौटकर परिवार से मिलेंगे और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
अल्लू कनकारतन्म के निधन से पूरा अल्लू परिवार शोकाकुल है। हर किसी की आंखें नम हैं और दिल भारी है। फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार, प्रशंसक और करीबी मित्र इस कठिन समय में परिवार को ढांढस बंधाने उनके पास पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलि का सिलसिला जारी है। Allu Arjun