कलाकार जो भुला दिए गए पर याद रहेगा उनका किरदार : नरेन्द्र झा
भारत
चेतना मंच
31 Dec 2022 08:42 PM
मेरे बेटे हैदर को... उससे कहना कि वो मेरा इन्तेकाम ले... मेरे भाई से... वर्ष 2014 में विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी हिंदी फ़िल्म हैदर का यह डायलॉग ज़्यादातर लोगों को याद होगा लेकिन इस सशक्त किरदार को निभाने वाले कलाकार नरेंद्र झा आज शायद लोगों की स्मृति से धुंधले हो चुके होंगे। आइये आज उनके जीवन के बारे में बारीकी से जानते हैं।
माँ-बाप चाहते थे सिविल सेवा में भेजना
कम समय में ही लोकप्रिय हुए भारतीय सिनेमा और टीवी के कलाकार नरेन्द्र झा के माता-पिता ने कभी नहीं सोचा था कि वे एक दिन एक्टिंग की दुनिया में इतना नाम कमाएंगे लेकिन नरेन्द्र ने यह सपना काफ़ी कम उम्र में ही देख लिया था। उन्हें एक्टिंग का इतना ज्यादा शौक था कि वे अपने स्कूल में होने वाले फंक्शन में भाग लेने का एक भी मौका नहीं छोड़ते थे। हालांकि उनके अभिभावक चाहते थे कि नरेन्द्र सिविल सेवा में आएं। उन्होंने इसकी तैयारी शुरू तो की लेकिन वो कहते हैं न कि आपके सपने हर उस काम पर भारी पड़ते हैं जिन्हें करने में आपकी कोई रुचि नहीं होती। कुछ ऐसा ही हुआ नरेन्द्र झा के साथ। सिविल सेवाओं की परीक्षा की तैयारी शुरू करने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने इसे छोड़ दिया और दिल्ली के श्री राम सेंटर से एक्टिंग की सीखी।
वो पहली फ़िल्म जिसमें बॉलीवुड में दिलाई पहचान
कई सारे टीवी सीरियल में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने के बाद साल 2006 में नरेन्द्र झा को बॉलीवुड में फंटूश फ़िल्म में एक किरदार निभाने को कहा गया जिसे उन्होंने बखूबी निभाया भी। लेकिन जिस फ़िल्म ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई वह थी 2014 में विशाल भारद्वाज की फ़िल्म हैदर। इस फ़िल्म को साइन करने से पहले विशाल भारद्वाज ने उनसे पूछा कि क्या आप अपनी उम्र से बड़े किरदार को परदे पर निभा पायेंगे? तो नरेन्द्र झा ने जवाब देते हुए कहा कि, मैं एक कलाकार हूँ और तरह -तरह के किरदार निभाना मेरा पैशन है, मैं ये रोल जरूर करूँगा। इसके बाद फ़ाइल. हैदर में उनके काम को काफ़ी पसंद किया गया था। इसके बाद उन्होंने रइस जैसी बड़ी फ़िल्म में शाहरुख़ खान के साथ भी काम किया।
2018 में कह दिया अलविदा
अब तक काफ़ी लोग नरेंद्र झा के काम को पहचानने लगे थे और उनके कई और दमदार अभिनय को देखने का कयास लगा रहे थे। लेकिन तभी एक दिन उन्हें अचानक माइल्ड हार्ट अटैक आया। डॉक्टर्स ने उन्हें साफ इंकार कर दिया कि अभी कुछ समय तक वे काम नहीं जारी रख पाएंगे। ऐसे में नरेन्द्र झा अपनी पत्नी के सँग नासिक के फार्म हाउस में रहने चले गए। लेकिन वर्ष 2018 में उन्हें तड़के सुबह एक और हार्ट अटैक आया जिसे नरेन्द्र झेल नहीं पाए। मात्र 55 वर्ष की उम्र में ही दिग्गज कलाकार नरेन्द्र ने एक्टिंग के साथ साथ इस दुनिया को भी हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। भले ही आज वे हमारे बीच न हों लेकिन जो मज़बूत किरदार पर्दे पर वे निभा कर गए हैं वे उन्हें हमेशा जीवित रखेंगे।