रेप केस में गिरफ्तार हुए एक्टर आशिष कपूर! 'ये रिश्ता...' से बनाई थी खास पहचान
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:14 AM
टेलीविजन जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘सारस्वतिचंद्र’ में काम कर चुके एक्टर आशिष कपूर को पुलिस ने रेप केस में गिरफ्तार किया है। आशिष को पुणे से हिरासत में लिया गया, जहाँ वे लगातार लोकेशन बदलते हुए पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।
दिल्ली की पार्टी में हुआ कथित हादसा
पुलिस के अनुसार, यह घटना अगस्त महीने की दूसरी हफ्ते में दिल्ली के एक घर पर हुई पार्टी के दौरान घटी। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि आशिष कपूर ने बाथरूम के अंदर उसके साथ ज़बरदस्ती की। इस घटना के बाद महिला ने 11 अगस्त को सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई।
बयान में बदलाव, फिर भी गंभीर आरोप
महिला ने अपनी शुरुआती शिकायत में आशिष के साथ कुछ अन्य लोगों के नाम भी लिए थे। हालांकि बाद में उसने बयान बदलकर केवल आशिष कपूर पर ही रेप का आरोप लगाया। इस दौरान यह भी कहा गया कि घटना का वीडियो बनाया गया था, लेकिन पुलिस की जांच में अभी तक कोई वीडियो सामने नहीं आया है।
दोस्तों के खिलाफ भी मामला दर्ज
एफआईआर में आशिष कपूर के एक दोस्त, उसकी पत्नी और दो अन्य लोगों के नाम भी शामिल थे। हालांकि आशिष के दोस्त और उसकी पत्नी को अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के बयान खंगाले हैं, जिसमें सामने आया कि महिला और आशिष दोनों पार्टी के दौरान बाथरूम में गए थे और काफी देर तक बाहर नहीं आए। जब मेहमानों ने दरवाज़ा खटखटाया तो पार्टी में मौजूद लोगों के बीच झगड़ा भी हुआ।
टीवी से पहचान, अब गिरफ्तारी की वजह
आशिष कपूर टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’, ‘सारस्वतिचंद्र’, ‘बंदीनी’, ‘मोलक्की’, ‘वो अपना सा’ जैसे कई सीरियल्स में काम किया है। पर्दे पर संस्कारी और रोमांटिक किरदार निभाने वाले इस एक्टर की गिरफ्तारी ने छोटे पर्दे के दर्शकों को हैरान कर दिया है।