सनी देओल की फिल्म बंटवारा 1947 का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में इंसानियत, बंटवारे का दर्द और दमदार डायलॉग्स ने दर्शकों का दिल जीत लिया। जानिए ट्रेलर की पूरी कहानी, स्टार कास्ट और रिलीज डेट।

सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बंटवारा 1947 का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। लंबे समय से इस ट्रेलर का इंतजार कर रहे फैंस को अब फिल्म की पहली झलक देखने को मिल गई है। ट्रेलर में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, करण देओल, शबाना आजमी और अली फजल अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में देश के बंटवारे का दर्द, इंसानियत का संदेश और दमदार डायलॉग्स दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं।
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत भारत के तिरंगे और बच्चों के 'भारत माता की जय' के नारों से होती है। इसके बाद सनी देओल की एंट्री होती है, जो गाड़ी से आते हुए दिखाई देते हैं। वह प्रीति जिंटा को देश की आजादी की बधाई देते हैं, जिसके जवाब में प्रीति भी उन्हें शुभकामनाएं देती हैं। शुरुआती दृश्य देश की आजादी की खुशी को दिखाते हैं, लेकिन इसके बाद कहानी अचानक बदल जाती है और बंटवारे के दर्दनाक दौर की झलक सामने आती है।
ट्रेलर में सनी देओल एक मुस्लिम किरदार निभाते नजर आते हैं। दंगों के माहौल के बीच वह अपने परिवार के साथ एक नए घर में पहुंचते हैं। वहां उन्हें एक बुजुर्ग हिंदू महिला मिलती है, जो अपना घर छोड़ने से साफ इनकार कर देती है। इसी दौरान कुछ मुस्लिम लोग उस महिला पर हमला करने पहुंचते हैं, लेकिन सनी देओल उसके बचाव में खड़े हो जाते हैं। ट्रेलर का यह हिस्सा इंसानियत और आपसी भाईचारे का मजबूत संदेश देता है।
ट्रेलर में कई ऐसे डायलॉग्स सुनने को मिलते हैं, जो सीधे दिल को छू जाते हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा 'मां अपने-आप में एक मजहब है' और 'मां को हिंदू-मुसलमान में ना बांटिए' जैसे संवादों की हो रही है। इसके अलावा 'मंदिर तोड़ना इस्लाम नहीं है' जैसा डायलॉग भी ट्रेलर का अहम हिस्सा है। यही संवाद ट्रेलर को भावनात्मक और प्रभावशाली बनाते हैं।
फिल्म के ट्रेलर में करण देओल भी दमदार अंदाज में नजर आते हैं। उनका डायलॉग, 'तू मेरे बाप को नहीं जानता। वो ना घर देखेंगे और ना सरहद, सीधा घुसकर मारेंगे', दर्शकों का ध्यान खींचता है। ट्रेलर में पिता-पुत्र की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।
बंटवारा 1947 का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी कई साल बाद फिर साथ आई है। इससे पहले दोनों ने घायल, घातक और दामिनी जैसी सफल फिल्मों में साथ काम किया था। सनी देओल ने भी कहा था कि उनके और राजकुमार संतोषी के साथ काम करने का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शन्स के बैनर तले किया गया है। बंटवारा 1947 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आजादी और बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म रिलीज से पहले ही अपने ट्रेलर की वजह से चर्चा में आ गई है।
फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने बिना किसी कट के पास कर दिया है। फिल्म को ए सर्टिफिकेट दिया गया है। इस जानकारी को सनी देओल ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए खुशी जताई थी। उन्होंने बताया था कि फिल्म को बिना किसी कट के मंजूरी मिली है और दर्शकों से 14 अगस्त को सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने की अपील भी की थी।
ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रिया से साफ है कि बंटवारा 1947 सिर्फ बंटवारे की कहानी नहीं, बल्कि इंसानियत, रिश्तों और भाईचारे का संदेश देने वाली फिल्म बनने की कोशिश करती नजर आ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 14 अगस्त को रिलीज के बाद यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है।
विज्ञापन