सावन के महीने में 'भोजपुरी बवाल' के नए प्रोमो में चिकन बनाते दिखे पवन सिंह। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया और कई यूजर्स ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई। जानिए पूरा मामला।

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों अपने नए शो 'भोजपुरी बवाल' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में शो का नया प्रोमो सामने आया है, लेकिन इस बार इसकी वजह मनोरंजन नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर छिड़ा विवाद बन गया है। प्रोमो में पवन सिंह बिहारी स्टाइल में चिकन बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही कई लोगों ने उनकी कुकिंग की तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स ने सावन के महीने में चिकन बनाने और खाने को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें सोशल मीडिया पर खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी।
'भोजपुरी बवाल' के नए प्रोमो में पवन सिंह बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आते हैं। इस बार वह एक्टिंग नहीं बल्कि किचन में खाना बनाते दिखाई देते हैं। वीडियो में वह अपने साथियों से कहते हैं कि गांव जाकर देसी मुर्गा पकड़कर लाओ, ताकि बिहारी स्टाइल में चिकन बनाया जा सके। इसके बाद उनके साथी गांव में मुर्गा पकड़ने की कोशिश करते हैं, जबकि पवन सिंह स्टूडियो में चिकन बनाने की तैयारी करते नजर आते हैं। वह प्याज, लहसुन, हरी मिर्च, धनिया पत्ता और दूसरे मसालों के साथ खाना बनाने की तैयारी करते दिखाई देते हैं।
प्रोमो में पवन सिंह सिर्फ खाना बनाते ही नहीं दिखते, बल्कि चिकन बनाने के कुछ खास टिप्स भी साझा करते हैं। वह बताते हैं कि बिहारी स्टाइल चिकन और मटन में टमाटर का इस्तेमाल नहीं किया जाता। उनके मुताबिक स्वाद का असली राज चिकन को अच्छी तरह भूनने और चूल्हे की सही आंच में छिपा होता है। उनका कहना है कि अगर आंच सही हो, तो खाना अपने आप स्वादिष्ट बनता है।
जैसे ही यह प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही इसे लेकर बहस शुरू हो गई। कई फैंस ने पवन सिंह के कुकिंग स्टाइल की तारीफ की, लेकिन कुछ यूजर्स ने सावन के महीने में चिकन बनाते और उससे जुड़ी बातें दिखाए जाने पर आपत्ति जताई। कुछ लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा, "चंदन लगाकर चिकन बना रहे, वाह।" वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "टीका लगाकर ये सब कर रहे हो।" कई लोगों ने यह भी कहा कि माथे पर तिलक और गले में शिव का लॉकेट पहनकर सावन के दौरान चिकन बनाना ठीक नहीं है। ऐसे कई कमेंट्स प्रोमो वीडियो पर देखने को मिल रहे हैं।
हालांकि, हर किसी की राय एक जैसी नहीं है। जहां एक तरफ कुछ यूजर्स ने सावन के महीने का हवाला देते हुए पवन सिंह की आलोचना की, वहीं दूसरी तरफ कई फैंस ने उनके कुकिंग अंदाज और बिहारी स्टाइल रेसिपी को पसंद भी किया। फिलहाल, 'भोजपुरी बवाल' का यह प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसी वजह से चर्चा का विषय बना हुआ है।
विज्ञापन