Bigg Boss 19: सीक्रेट रूम से नेहल का पहला बड़ा फैसला, 6 सदस्य सीधे नॉमिनेशन में
भारत
चेतना मंच
22 Sep 2025 03:19 PM
रियलिटी शो बिग बॉस 19 में इस हफ्ते की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में हुई। बीते एपिसोड में सलमान खान ने वीकेंड का वार किया, जिसमें घरवालों की जमकर क्लास भी लगी और मस्ती-मजाक भी हुआ। इसी बीच बड़ा ट्विस्ट तब आया जब नेहल चुडासमा को घर से बाहर दिखाकर सीधे सीक्रेट रूम में भेज दिया गया। यहां से नेहल 24/7 घरवालों पर नजर रख रही हैं और सबसे अहम फैसले भी ले रही हैं।
नॉमिनेशन टास्क का नया फॉर्मेट
इस बार मेकर्स ने नॉमिनेशन टास्क को बिल्कुल अलग अंदाज में कराया। घरवालों को दो टीमों में बांटा गया। शहबाज की टीम में थे: जीशान कादरी, तान्या मित्तल, अमल मलिक, बसीर अली, कुनिका सदानंद और फरहाना भट्ट। वहीं प्रणित की टीम में शामिल हुए: अवेज दरबार, अशनूर कौर, नीलम गिरी, गौरव खन्ना, मृदुल तिवारी और खुद प्रणित मोरे।
टास्क के तीन राउंड्स हुए, जिसमें कंटेस्टेंट्स को जोड़ियों में कमेंट्री करनी थी। हर राउंड में दोनों टीमों से अलग-अलग जोड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और माहौल गरमा दिया।
नेहल ने लिया बड़ा फैसला
अब असली खेल शुरू हुआ जब इन सबका फैसला सीक्रेट रूम में बैठी नेहल के हाथ में आया। उन्होंने ही तय करना था कि किस टीम को सुरक्षित करना है और किसे नॉमिनेट। ऐसे में नेहल ने अपने दोस्तों का साथ निभाते हुए शहबाज की टीम को बचा लिया। नतीजा ये हुआ कि प्रणित की पूरी टीम सीधे नॉमिनेशन में चली गई। इस तरह नेहल ने सीक्रेट रूम से अपना पहला बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया।