याद आयेंगे पल....गुनगुना कर दुनिया को अलविदा कह गए KK, जाने इनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ अनकही बातें
KK Biography
भारत
चेतना मंच
01 Jun 2022 05:45 PM
Bollywood- बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कृष्णकुमार कुन्नाथ उर्फ केके (KK) महज 53 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए। 31 मई, मंगलवार की रात कलकत्ता में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से, केके जमीन पर गिर गए जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पहली नजर में डॉक्टरों ने केके की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। हालांकि पुलिस ने इसे असामान्य मौत का मामला बताते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद केके की मौत की सही वजह का खुलासा हो पाएगा।
मशहूर सिंगर की सुरीली आवाज ने दिलाई पूरी दुनिया में उन्हें पहचान-
23 अगस्त 1968 को देश की राजधानी दिल्ली में जन्मे कृष्ण कुमार कुन्नाथ यानी केके (Krishna Kumar kunnath or Kk) अपनी खूबसूरत आवाज की वजह से पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। इनका जन्म एक मलयाली परिवार में हुआ था। दिल्ली के माउंट सेंट मैरी स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। साल 1991 में इन्होंने अपनी बचपन की दोस्त और प्यार ज्योथी कृष्णा (Kk wife Jyothi krishna) के साथ सात फेरे लिए। इनके दो बच्चे हैं एक बेटा नकुल और एक बेटी तामरा।
बचपन में डॉक्टर बनना चाहते थे केके-
जाने-माने सिंगर केके का बचपन का सपना डॉक्टर बनने का था परंतु उनका सिंगिंग टैलेंट उन्हें इस क्षेत्र में ले आया। दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद इन्हें एक कंपनी में मार्केटिंग एक्सक्यूटिव की नौकरी मिली। लेकिन इनका सपना तो कहीं और था। इन्होंने दिल्ली के कई विज्ञापन एजेंसियों के लिए भी अपनी आवाज दी। अपने दोस्तों के साथ मिलकर इन्होंने एक रॉक बैंड की स्थापना की। साल 1994 में सिंगिंग के क्षेत्र में कैरियर बनाने के लिए ये मुंबई आ गए। बॉलीवुड में ब्रेक पाने के लिए इन्होंने लूइबेन को रंजीत बारोट शिव माथुर और लेसी लुईस को अपना डेमो भी दिया। सबसे पहले इन्हें यूटीवी द्वारा एक विज्ञापन का गीत गाने के लिए ऑफर मिला।
बॉलीवुड में इन्हें पहला ब्रेक (Kk first bollywood break) साल 1996 में आई फिल्म माचिस के गाने 'छोड़ आए हम' में मिला परंतु इस गाने में इनके साथ कई और सिंगर भी मौजूद थे। सोलो सिंगिंग का मौका इन्हें साल 1999 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के गाने 'तड़प तड़प' से मिला। इसी गाने के जरिए इन्हें पूरे देश में पहचान मिली। इसके बाद इसी साल इनका एक एल्बम रिलीज हुआ था जिसका नाम था ‘याद आएंगे वह पल’। इनका यह एल्बम युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। आज भी स्कूल कॉलेज के विदाई समारोह में गाए जाने वाला यह लोकप्रिय गाना है।
केके का सिंगिंग कैरियर-
कृष्ण कुमार कुन्नाथ यानी केके ने अपने सिंगिंग कैरियर में 3500 से अधिक जिंगल्स के साथ बॉलीवुड के कई सुपरहिट गानों को अपनी आवाज दी है। इन्होंने हिंदी के अलावा तेलुगु, मलयालम कन्नड़ और तमिल भाषाओं में भी कई सुपरहिट गाने गाए हैं। फिल्मों के अलावा जस्ट मोहब्बत, शाका लाका बूम बूम, जस्ट डांस, जैसे टीवी सीरियल्स के गानों में भी इन्होंने अपनी आवाज दी है। साल 1999 में क्रिकेट विश्व कप के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के समर्थन के लिए इन्होंने 'जोश ऑफ इंडिया' गाना भी गाया था, जो काफी पॉपुलर हुआ था।
आज केके भले ही हमारे बीच में नहीं है लेकिन इनकी खूबसूरत आवाज हमेशा हमारे कानों में रस घोलती रहेगी। इनके निधन से पूरा देश शोक की लहर में डूबा हुआ है। ईश्वर इनके परिवार व चाहने वालों को इस दुख से उबरने की शक्ति दे।