फिल्मी जगत में शोक की लहर, डॉन के निर्देशक चंद्रा बारोट का निधन
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:25 PM
Bollywood News : बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक चंद्रा बारोट अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन की खबर से फिल्मी जगत में शोक की लहर है। चंद्रा बारोट ने हिंदी सिनेमा को यादगार फिल्में दीं जिनमें सबसे खास है। 1978 में अमिताभ बच्चन की 'डॉन'। उनके निर्देशन का असर आज भी दर्शकों के दिलों में बना हुआ है। निर्देशक और अभिनेता फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
चंद्रा बारोट ने अपने करियर में भले ही कम फिल्में बनाई हों लेकिन उनके द्वारा निर्देशित 'डॉन' आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। उनके निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई बल्कि लोगों के दिलों में भी खास जगह बनाई।
चंद्रा बारोट के निधन पर फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया के ज़रिये श्रद्धानजलि देते हुए लिखा, "चंद्रा अंकल, आपने जो विरासत छोड़ी है, वह हमेशा हमारे साथ रहेगी। आपकी बनाई 'डॉन' एक क्लासिक है और आपकी मेहनत, लगन और सोच को सलाम करता हूं।"
फरहान अख्तर ने 2006 में 'डॉन' का रीमेक बनाया था जिसे दर्शकों ने भी खूब पसंद किया। फरहान ने हमेशा चंद्रा बारोट के काम की सराहना की और उन्हें अपना मार्गदर्शक माना। चंद्रा बारोट के जाने से फिल्म इंडस्ट्री ने एक शानदार निर्देशक खो दिया है। उनकी बनाई फिल्में और उनकी सोच हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेंगी।