विज्ञापन
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ आखिरकार 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। लंबे समय से सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा बनी हुई थी, और रिलीज के बाद इसे दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

Dhurandhar 2 : बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ आखिरकार 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। लंबे समय से सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा बनी हुई थी, और रिलीज के बाद इसे दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर अपने दमदार और प्रभावशाली अंदाज में नजर आए हैं। अब इस फिल्म को लेकर बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी खुलकर अपनी राय रखी है।
अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मधुर भंडारकर सोशल मीडिया पर अक्सर फिल्मों और समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं। इस बार उन्होंने आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ देखने के बाद एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें फिल्म की जमकर तारीफ की। मधुर भंडारकर ने लिखा कि उन्होंने पिछली रात 3 घंटे 49 मिनट लंबी ‘धुरंधर 2’ देखी और फिल्म का असर अब तक उनके दिमाग पर बना हुआ है। उनके मुताबिक, यह फिल्म इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि किसी बड़े बजट के सीक्वल को किस तरह प्रभावशाली ढंग से बनाया जा सकता है। उन्होंने आदित्य धर के विजन की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म का हर फ्रेम ऊर्जा से भरा हुआ है और इसकी रफ्तार दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखती है।
मधुर भंडारकर ने अपनी प्रतिक्रिया में पूरी स्टारकास्ट के काम की तारीफ की, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित वह रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस से नजर आए। उन्होंने कहा कि रणवीर ने इस फिल्म में खुद को जिस गहराई और ईमानदारी से किरदार में ढाला है, वह काबिल-ए-तारीफ है। उनके अनुसार, रणवीर सिर्फ अभिनय नहीं करते, बल्कि अपने किरदार को पूरी शिद्दत के साथ जीते हैं। यही वजह है कि मधुर ने उन्हें इस भूमिका के लिए नेशनल अवॉर्ड का मजबूत दावेदार बताया। मधुर भंडारकर ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्मों ने भारतीय सिनेमा में एक नया मानदंड स्थापित किया है। उनके मुताबिक, ये फिल्में सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आने वाले समय में सिनेमा की पढ़ाई और विश्लेषण का हिस्सा भी बन सकती हैं। उन्होंने पूरी टीम को इस बड़ी सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ को रिलीज के पहले से ही दर्शकों के बीच लेकर भारी उत्सुकता थी। अब जब फिल्म सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है, तो सोशल मीडिया पर इसके एक्शन, स्केल, निर्देशन और रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को लेकर खूब चर्चा हो रही है। ऐसे में साफ है कि यह फिल्म सिर्फ बॉक्स ऑफिस ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के बड़े नामों के बीच भी खास प्रभाव छोड़ रही है। Dhurandhar 2
विज्ञापन