एल्विश ने मुश्किलों को खुद दी है दावत! अब नहीं बचा सकता कोई?
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:50 AM
यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर एल्विश यादव (Elvish Yadav) को मुश्किलों ने कुछ इस तरह से जकड़ लिया है कि छोड़ने का नाम ही नहीं ले रही है। अभी एल्विश यादव का कोबरा कांड मामला शांत ही नहीं हुआ था कि Elvish Yadav पर एक ओर मुश्किल आन पड़ी है। एल्विश यादव और पंजाबी सिंगर फाजिलपुरिया (Fazilpuria) एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दोनों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत चार्जशीट दाखिल कर दी है। कहा जा रहा कि यह मामला उनके चर्चित गाने "32 बोर" की शूटिंग से जुड़ा है जिसमें सांपों का अवैध इस्तेमाल किया गया था। Elvish Yadav
स्काई डिजिटल कंपनी भी बनी आरोपी
ईडी ने गुरुग्राम स्थित PMLA की विशेष अदालत में जो चार्जशीट पेश की है उसमें चंडीगढ़ स्थित स्काई डिजिटल कंपनी को भी आरोपी बनाया गया है। अदालत जल्द ही चार्जशीट पर संज्ञान लेने के बाद आरोपियों को तलब कर सकती है।
क्या है पूरा मामला?
जांच एजेंसी के अनुसार, एल्विश यादव और फाजिलपुरिया ने अपने म्यूजिक वीडियो "32 बोर" की शूटिंग के दौरान सांपों का इस्तेमाल किया था जो वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत अवैध है। इस गाने से करीब 52 लाख रुपये की कमाई हुई जिससे बिजनौर में तीन एकड़ जमीन 50 लाख रुपये में खरीदी गई थी। ईडी ने आरोपियों के बैंक खातों से एल्विश और फाजिलपुरिया से 3 लाख रुपये, स्काई डिजिटल कंपनी से 2 लाख रुपये जब्त किए हैं। इसके अलावा, दोनों की करीब 55 लाख रुपये की संपत्ति अटैच भी की गई है।
पहले भी विवादों में रहे हैं एल्विश
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, यह मामला नया नहीं है। इससे पहले भी एल्विश यादव पर "कोबरा कांड" के नाम से एक केस दर्ज हो चुका है जिसमें उन पर रेव पार्टी में सांपों के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप था। इस मामले में विदेशी नागरिकों की मौजूदगी और मादक पदार्थों के उपयोग की बातें भी सामने आई थीं। गौरव गुप्ता नामक व्यक्ति ने इस संबंध में नोएडा में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसके भाई सौरभ गुप्ता को गवाह बनाया गया था। दोनों ने बाद में आरोप लगाया था कि एल्विश के समर्थकों ने उन्हें काफी डराया-धमकाया था।
हालांकि, एल्विश के वकील ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में दलील दी थी कि, एल्विश और सह-आरोपियों के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध साबित नहीं हुआ है। उनके पास से न तो कोई सांप, नशीला पदार्थ या मादक सामग्री बरामद हुई। वह एक जाने-माने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं जो टेलीविजन पर कई रियलिटी शोज में नजर आ चुके हैं। इस कारण मामला मीडिया की अत्यधिक नजर में आ गया। हाईकोर्ट ने इन दलीलों के आधार पर फिलहाल उनके खिलाफ सीधी कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। अब जब ईडी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है तो मामला एक बार फिर कोर्ट के दहलीज पर है। अदालत चार्जशीट पर संज्ञान लेने के बाद एल्विश यादव, फाजिलपुरिया और स्काई डिजिटल को समन जारी कर सकती है। आने वाले दिनों में यह केस और भी बड़ा मोड़ ले सकता है। Elvish Yadav