"गलत हुआ…" – एल्विश यादव पर हमले से हिल गए प्रिंस नरूला, दुश्मनी भुला कर बने हमदर्द!
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:30 AM
यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव के घर पर हाल ही में हुई फायरिंग की घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। रविवार सुबह को अज्ञात बदमाशों ने उनके गुरुग्राम स्थित घर पर कई राउंड फायरिंग की। हालांकि, इस वारदात में एल्विश और उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। घटना की जानकारी सामने आने के बाद फैंस के बीच बेचैनी साफ देखी जा रही है।
प्रिंस नरूला ने तोड़ी चुप्पी
इस घटना के बाद रियलिटी शो रोडीज के दौरान एल्विश यादव से कई बार भिड़ चुके प्रिंस नरूला ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रिंस ने कहा कि किसी के घर पर गोली चलाना बेहद गलत है। उन्होंने कहा, "किसी के मां-बाप वहां रहते हैं, किसी को भी लग सकती थी गोली। इसमें उनकी क्या गलती है। अगर कोई आर्टिस्ट कमा रहा है तो वो मेहनत के बाद ही है। न्यूज देखकर बुरा लगा।"
दुश्मनी भूलकर जताई चिंता
गौरतलब है कि रोडीज़ शो में दोनों के बीच कई बार बहस और हाथापाई जैसी नौबत तक आ चुकी थी। शो के दौरान उनकी टकरार हमेशा चर्चा में रहती थी। लेकिन इस घटना के बाद प्रिंस नरूला ने पुरानी अनबन भुलाकर एल्विश के प्रति चिंता जताई और उन्हें सपोर्ट किया। यह देखकर फैंस भी भावुक हो गए हैं।
एल्विश यादव का पहला बयान
फायरिंग की घटना के बाद एल्विश यादव ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपना पहला बयान जारी किया। उन्होंने लिखा, “मैं उन सभी का शुक्रगुजार हूं जो मुझे लेकर परेशान थे। मेरा परिवार और मैं सुरक्षित हैं। आपके दयालु विचार और चिंता की हम सचमुच सराहना करते हैं। थैंक्यू।”
पिता ने बताई पूरी घटना
एल्विश यादव के पिता ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि जब गोलियों की आवाज आई तो वह सो रहे थे। बाहर निकलने पर देखा कि बदमाश भाग गए थे। उन्होंने साफ किया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और उन्हें पहले कभी कोई धमकी भी नहीं मिली थी।