एनकाउंटर में धराया एल्विश यादव के घर फायरिंग का शूटर
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:12 PM
फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार तड़के एनकाउंटर के बाद यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपी शूटर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तिगांव रोड पर हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे फरीदाबाद सेक्टर 77 स्थित तिगांव रोड पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम और बदमाश के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में लेकर बीके अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए बदमाश की पहचान इशांत उर्फ ईशू गांधी के रूप में हुई है।
17 अगस्त को हुई थी फायरिंग
बता दें कि 17 अगस्त की सुबह गुरुग्राम सेक्टर-57 में स्थित यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर दो नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस वारदात में करीब दो दर्जन राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके परिवारजन अंदर थे। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
भाऊ गैंग ने ली थी जिम्मेदारी
इस हमले के कुछ घंटे बाद कुख्यात ‘भाऊ गैंग’ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। गैंग ने दावा किया था कि एल्विश यादव सट्टेबाजी ऐप्स को बढ़ावा देकर लोगों का नुकसान कर रहे हैं, और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। गैंग ने चेतावनी दी थी कि ऐसे अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी गोली या धमकी का सामना करना पड़ सकता है।