बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और ‘ही-मैन’ कहे जाने वाले धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। लंबे समय से बीमार चल रहे धर्मेंद्र का इलाज घर पर ही जारी था। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और देशभर में शोक की लहर है। धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार पवन हंस श्मशान घाट पर किया जाएगा।

बता दें कि धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर 2025 को सांस लेने में परेशानी के चलते ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 10 नवंबर को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई, जिसके बाद परिवार के सभी सदस्य—हेमा मालिनी, सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल और अन्य—हॉस्पिटल पहुंच गए थे। सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा और अमीषा पटेल समेत फिल्म जगत के कई सितारे भी उनसे मिलने पहुंचे थे।
धर्मेंद्र ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत 1960 में फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से की थी। इसके बाद उन्होंने शोले, चुपके-चुपके, सीता और गीता,धरमवीर,फूल और पत्थ, जुगनू, यादों की बारात जैसी अनगिनत सुपरहिट फिल्में दीं। उनका करियर लगभग65 वर्षों तक फैला रहा। 2023 में रिलीज़ हुई रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उनका किरदार और शबाना आज़मी के साथ उनका किस सीन खूब चर्चा में रहा।
धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ इसी साल रिलीज होगी, जिसमें वे अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में आएगी।
8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसरानी गांव में जन्मे धर्मेंद्र ने दो शादियाँ की थीं। पहली शादी प्रकाश कौर से हुई, जिनसे उनके चार बच्चे—सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजीता देओल हैं। बाद में उन्होंने धर्म बदलकर हेमा मालिनी से शादी की, जिनसे उनकी दो बेटियां—ईशा और अहाना—हैं।