Gadar 2: हटाये गए दंगों वाले सीन और हर-हर महादेव के नारे, सेंसर ने लगाए पूरे 10 कट्स
Gadar 2
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 07:09 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 07:09 PM
Gadar 2: जाने-माने निर्देशक अनिल शर्मा की मूवी गदर 2 (Gadar 2) को सेंसर बोर्ड ने ‘UA’ सर्टिफिकेट दिया है। अब सन्नी देओल (Sunny Deol) स्टारर मूवी 'गदर 2’ पर भी सेंसर बोर्ड की निगाह टेढ़ी हो गई है। बोर्ड ने अब गदर 2 पर भी अपनी कैंची चला दी है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म में 10 बड़े कट लगाने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद ही ये मूवी 11 अगस्त को रिलीज हो पाएगी। जहाँ इसकी टक्कर अक्षय कुमार की 'OMG 2' से होगी।
फिल्म से हटाए जाएंगे ये दृश्य
सन्नी देओल स्टारर फिल्म गदर 2 में सेंसर बोर्ड ने 10 बड़े बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। खबरों के अनुसार सेंसर बोर्ड ने फिल्म निर्माताओं को फिल्म में कुछ बदलाव करने का निर्देश दिया है। इनमें दंगों वाला सीन जिसमें लोग हर-हर महादेव के नारे लगाते नज़र आ रहे हैं, उसे बदला जाएगा। वहाँ से ये नारे हटाए जाएंगे।
इसी तरह शिव तांडव वाला सीन भी बदला जाएगा। इसके अलावा फिल्म में ‘तिरंगे’ शब्द को अब ‘झंडे’ शब्द के साथ बदला जाएगा। वहीं फिल्म में क़ुरान और गीता के संदर्भ वाला डायलॉग ‘दोनों एक ही हैं, बाबा नानक जी ने भी यही कहा है’। इसे बदल कर ‘एक नूर ते सब उपजे, बाबा नानक जी ने भी यही कहा है’ करने का सुझाव दिया गया है।
मूवी 11 अगस्त को रिलीज होगी
इसके अतिरिक्त फिल्म में एक कोठे की पृष्ठभूमि में ठुमरी गायी गई थी, जिसके बोल थे- ‘बता दे सखी… गये शाम’। इस ठुमरी को अब बदलकर ‘बता दे पिया कहां बिताई शाम…’ कर दिया गया है। इसी तरह और भी कई डायलॉग बदले जाने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार सेंसर बोर्ड के निर्देश पर मूवी में परिवर्तन का काम शुरू हो गया है।
फिल्म गदर का सीक्वल है गदर 2
फिल्म गदर 2 में जो कलाकार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, उनमें सन्नी देओल के अलावा अमीषा पटेल, उत्कर्ष शर्मा और सिम्रत कौर शामिल हैं। उत्कर्ष फ़िल्म के निर्देशक अनिल शर्मा के बेटे हैं और गदर सहित कुछ फिल्मों में काम कर चुके हैं।
इसके अलावा फिल्म में मनीष वाधवा, लव सिन्हा और नीलोफर भी नज़र आएंगे। लव शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे हैं। फ़िल्म 'गदर 2' सन 2001 में आई फ़िल्म 'गदर' का सीक्वल है। जो बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ने में कामयाब रही थी। फ़िल्म को खूब पसंद किया गया था। देखना होगा कि ये मूवी उस सफलता को कितना दोहरा पाती है।