हमेशा के लिए अलग हो रहे गोविंदा-सुनीता! जानें पूरी सच्चाई
भारत
RP Raghuvanshi
23 Aug 2025 12:05 PM
बॉलीवुड के चहेते अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा एक बार फिर अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच दूरियां इतनी बढ़ गई हैं कि सुनीता ने फरवरी 2025 में बांद्रा हाईकोर्ट में तलाक की अर्जी दायर कर दी है। खबर में क्रूरता और धोखाधड़ी का हवाला भी दिया गया है। हालांकि, अब तक इस पर न तो गोविंदा और न ही सुनीता की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है। Govinda
फैंस को लगा तगड़ा झटका
गोविंदा और सुनीता की शादी को लगभग 38 साल हो चुके हैं। ऐसे में उनके अलग होने की खबर फैन्स को झटका देने वाली है। हाल ही में टाइम्स ऑफ इंडिया ने इस मामले में गोविंदा के एक करीबी दोस्त से बात की, जिन्होंने रिश्ते की हकीकत को लेकर अहम बातें साझा कीं।
हर शादी में उतार-चढ़ाव होते हैं
परिवार के करीबी दोस्त ने कहा, “38 साल एक साथ बिताना कोई छोटी बात नहीं है। हर कपल की तरह उनके बीच भी कभी-कभी मतभेद होते हैं। लेकिन इसका ये मतलब नहीं कि वो हमेशा के लिए अलग हो रहे हैं। ऐसा कुछ भी नहीं है।” उन्होंने यह भी बताया कि जब भी दोनों के बीच तकरार होती है, गोविंदा कुछ समय के लिए दूसरे बंगले में चले जाते हैं और जब गुस्सा शांत होता है तो वापस परिवार के पास लौट आते हैं।
“सुनीता ही हैं गोविंदा की ताकत”
दोस्त ने साफ कहा कि गोविंदा कभी भी सुनीता को पूरी तरह छोड़ नहीं सकते। “वो उन्हें एंकर करती हैं, उनका मूड कंट्रोल रखती हैं। उनके बिना वो खो जाते हैं। अगर मामला कोर्ट तक गया भी है, तो भी ये कपल हमेशा की तरह सुलह कर लेगा।” बता दें कि फरवरी 2025 में भी दोनों के अलगाव की खबरें सामने आई थीं, जिन पर सुनीता ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि, "गोविंदा और मुझे कोई अलग नहीं कर सकता। जो लोग ऐसा सोचते हैं या कहते हैं, उन्हें काली मां सजा देंगी।" उन्होंने अपने ब्लॉग में भी इन अफवाहों को खारिज करते हुए लिखा था कि ऐसे झूठे दावे उनके परिवार को बेवजह परेशान करते हैं।
फिलहाल गोविंदा और सुनीता दोनों ने चुप्पी साध रखी है। तलाक की खबरें मीडिया में जरूर हैं लेकिन कोई ठोस पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में जब तक दोनों में से कोई आधिकारिक बयान नहीं देता, तब तक इन अफवाहों को पूरी सच्चाई मानना जल्दबाजी होगी। गोविंदा और सुनीता की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे चहेती जोड़ियों में से एक है। उनके रिश्ते को लेकर जो भी खबरें सामने आ रही हैं उन्हें लेकर फैन्स चिंतित हैं। लेकिन उनके करीबी के बयान से साफ है कि अभी भी इस रिश्ते में उम्मीद बाकी है। Govinda