विज्ञापन
पद्म अवॉर्ड 2026 समारोह में धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। अवॉर्ड लेते वक्त हेमा मालिनी भावुक हो गईं और धर्मेंद्र को याद करते हुए दिल छू लेने वाली बात कही।

भारत सरकार की ओर से आयोजित पद्म अवॉर्ड 2026 समारोह में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा गया। इस खास मौके पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान ग्रहण किया। यह पल पूरे देओल परिवार के लिए बेहद भावुक करने वाला था। समारोह के दौरान हेमा मालिनी की आंखें नम हो गईं, वहीं उनकी छोटी बेटी अहाना देओल भी खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाईं।
अवॉर्ड लेने के बाद हेमा मालिनी ने सोशल media पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह उनके जीवन का बेहद खास और गर्व भरा पल था। हेमा मालिनी ने कहा कि जब वह मंच की ओर बढ़ रही थीं, तब उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे धर्मेंद्र उनका हाथ पकड़कर उन्हें वहां तक ले जा रहे हों।
उन्होंने लिखा कि उस पल उन्हें धर्म जी की गर्मजोशी भरी मौजूदगी महसूस हो रही थी। यही एहसास उन्हें भीतर तक भावुक कर गया और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में धर्मेंद्र के साथ बिताए कई खूबसूरत पलों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि फिल्मों में साथ काम करने से शुरू हुआ उनका रिश्ता बाद में जीवनसाथी के रूप में बदल गया। दोनों ने कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया और लंबे समय तक एक-दूसरे का साथ निभाया।
हेमा ने लिखा कि धर्मेंद्र सिर्फ एक शानदार अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि एक प्यार करने वाले पति, अच्छे पिता, सच्चे दोस्त और सही राह दिखाने वाले इंसान भी थे। उन्होंने कहा कि धर्म जी बेहद दयालु और अच्छे दिल वाले व्यक्ति थे, जिनकी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
पद्म अवॉर्ड समारोह का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह पल तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही हेमा मालिनी मंच पर धर्मेंद्र का सम्मान लेने पहुंचती हैं, अहाना देओल भावुक होकर रो पड़ती हैं। वह अपने पिता के सम्मान में तालियां बजाती नजर आती हैं।
वहीं ईशा देओल ने भी सोशल मीडिया पर समारोह का वीडियो शेयर करते हुए अपने पिता को याद किया। फैंस भी इस वीडियो को देखकर भावुक हो गए और धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 24 नवंबर 2025 को दुनिया को अलविदा कह दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने आखिरी दिनों में उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। कुछ दिनों तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद उन्हें घर लाया गया, जहां उन्होंने परिवार के बीच अंतिम सांस ली।
धर्मेंद्र के निधन ने बॉलीवुड इंडस्ट्री और उनके करोड़ों फैंस को गहरा सदमा दिया था। अब पद्म विभूषण सम्मान के जरिए देश ने उनके सिनेमा और समाज के प्रति योगदान को सम्मान दिया है।
विज्ञापन