
बॉलीवुड और साउथ के दो बड़े स्टार्स, ऋतिक रोशन और जूनियर NTR, की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'वॉर 2' आज यानी 14 अगस्त को बड़े परदे पर रिलीज हो गई है। यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की छठी पेशकश है और 2019 में आई ब्लॉकबस्टर 'वॉर' का सीक्वल है। लगभग 400 करोड़ रुपये के बजट में तैयार इस फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है। फिल्म में एक्शन, ड्रामा और रोमांस का ऐसा संगम है, जिसका दर्शक लंबे समय से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। War 2 Movie
'वॉर 2' के जरिए जूनियर एनटीआर ने बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री की है। वह ऋतिक रोशन यानी एजेंट कबीर के साथ स्क्रीन पर जबरदस्त कैमिस्ट्री और हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स पेश कर रहे हैं, जो दर्शकों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग ने रिलीज से पहले ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। हिंदी में लगभग 2.95 लाख, तेलुगू में 3.33 लाख और तमिल में 8 हजार से ज्यादा टिकट पहले ही बिक चुके हैं। कुल मिलाकर लगभग 6.36 लाख टिकट बिकने के साथ ही फिल्म ने एडवांस में 17 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इस प्री-बुकिंग के रिकॉर्ड ने इस साल की बड़ी हिट 'सैयारा' को भी पीछे छोड़ दिया है।
साल 2019 में गांधी जयंती पर रिलीज़ हुई पहली 'वॉर' ने बॉक्स ऑफिस पर बवाल मचा दिया था। फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही 53.35 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की थी। पूरी भारत में फिल्म ने कुल 318 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 471 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस ब्लॉकबस्टर सफलता ने इसे उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शुमार कर दिया था।
ट्रेड एनालिस्ट्स की राय के मुताबिक, 'वॉर 2' सिर्फ हिंदी में पहले दिन 30 से 32 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है। अगर दर्शकों और आलोचकों से पॉज़िटिव प्रतिक्रिया मिलती है, तो यह आंकड़ा 35 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। तमिल और तेलुगू भाषाओं को शामिल करने पर भारत में कुल कमाई 50-55 करोड़ रुपये तक जा सकती है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ रुपये के पार जाता है या नहीं, यह अब दर्शकों और ट्रेड जगत के लिए बड़ा सवाल बन गया है। War 2 Movie