कोर्ट में हंसी भी, सस्पेंस भी: अक्षय- अरशद की जोड़ी ने जीता दिल
भारत
चेतना मंच
19 Sep 2025 12:47 PM
Jolly LLB 3 Review: जॉली एलएलबी और जॉली एलएलबी 2 की सफलता के बाद अब तीसरा पार्ट ‘जॉली एलएलबी 3’ बड़े पर्दे पर रिलीज हो चुका है। इस बार फिल्म में डबल धमाका है क्योंकि दोनों पुराने जॉली—अक्षय कुमार और अरशद वारसी—एक साथ कोर्टरूम में आमने-सामने दिखाई दिए हैं। इनके साथ सौरभ शुक्ला, हुमा कुरैशी, सीमा बिस्वास, अमृता राव और गजराज राव भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।
कहानी की झलक
फिल्म की कहानी राजस्थान के एक किसान की आत्महत्या से शुरू होती है, जो अपनी जमीन खोने की वजह से यह कदम उठाता है। कहानी का असली मोड़ तब आता है जब हरिभाई खेतान (गजराज राव), जो एक पावरफुल बिजनेसमैन है, जमीनें हड़पकर अपनी इमारतें खड़ी करता है। इस केस को लड़ने के लिए कोर्ट में आते हैं दोनों जॉली—अरशद वारसी और अक्षय कुमार। यहीं से शुरू होती है दलीलों और बहसों की दिलचस्प जंग।
परफॉर्मेंस और एक्टिंग
अक्षय कुमार ने अपने चुलबुले और मज़ाकिया अंदाज से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके वन लाइनर्स और पंचलाइन फिल्म को हल्का-फुल्का बनाने का काम करते हैं। वहीं, अरशद वारसी अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से छा गए। दोनों के बीच की ट्यूनिंग स्क्रीन पर गजब ढंग से जमती है।
गजराज राव ने बिजनेसमैन का किरदार निभाया है, लेकिन विलेन के तौर पर उतना इम्पैक्ट नहीं छोड़ पाए। वहीं, सौरभ शुक्ला ने एक बार फिर जज के रोल में धमाल मचा दिया। उनके बिना जॉली एलएलबी सीरीज़ अधूरी लगती है। फीमेल लीड में हुमा कुरैशी और अमृता राव ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं और उनके रोल बैकग्राउंड जैसे लगे।
"Jolly LLB 3" फिल्म का इम्पैक्ट
फिल्म का पहला हिस्सा धीमा है और इंटरवल से ठीक पहले का सीन उम्मीद के मुताबिक असरदार नहीं रहा। हालांकि, दूसरे हाफ में फिल्म पकड़ बनाती है और दर्शकों को जोड़े रखती है। कहानी में जहां जमीन घोटाले और बड़े बिजनेसमैन का पावर गेम दिखाया गया, वहीं इसमें सटायर और ह्यूमर भी भरपूर है। कोर्टरूम ड्रामा में जबरदस्त तर्क-वितर्क, हल्के-फुल्के मजाक और सस्पेंस का सही बैलेंस फिल्म को एंटरटेनिंग बनाता है।
ओवरऑल वर्डिक्ट
‘जॉली एलएलबी 3’ ने एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा को जिंदा किया है। फिल्म में हंसी भी है, सस्पेंस भी और साथ ही बेहतरीन परफॉर्मेंस का तड़का भी। अक्षय और अरशद की जुगलबंदी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है, जबकि सौरभ शुक्ला हमेशा की तरह शो स्टीलर साबित हुए हैं। अगर आप एंटरटेनमेंट और दमदार परफॉर्मेंस देखना चाहते हैं तो यह फिल्म निराश नहीं करेगी।
Bads of Bollywood Review: आर्यन खान ने खोला इंडस्ट्री का काला चिट्ठा, समीर वानखेड़े भी निशाने पर!