यॉट पार्टी में क्या हुआ था? जुबीन गर्ग केस में भाई की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 01:04 PM
मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। इस केस की जांच कर रही एजेंसियों ने जुबीन के चचेरे भाई और असम पुलिस में कार्यरत DSP संदीपन को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि संदीपन भी उस यॉट पार्टी में मौजूद थे जहां जुबीन की मौत हुई थी। जांच एजेंसी CID ने इस गिरफ्तारी को बड़ी कार्रवाई माना है। इससे पहले इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब DSP संदीपन की गिरफ्तारी के बाद केस की गुत्थी और उलझती नजर आ रही है। Jubeen Garg
क्या हुआ था 27 सितंबर को?
52 वर्षीय गायक जुबीन गर्ग 27 सितंबर को सिंगापुर में एक यॉट पार्टी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। बताया जा रहा है कि वह पार्टी के दौरान तैरने के लिए समुद्र में उतरे थे और कुछ देर बाद उन्हें औंधे मुंह पानी में तैरता हुआ पाया गया। उन्हें तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
नॉर्थ-ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने गए थे
जुबीन गर्ग 20 सितंबर को सिंगापुर पहुंचे थे। वे वहां तीन दिवसीय नॉर्थ-ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में परफॉर्म करने वाले थे। लेकिन उनकी मौत के बाद कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। मामला शुरू से ही संदेहास्पद रहा है। जुबीन के परिवार ने उनकी मौत पर सवाल उठाए थे जिसके बाद राज्य सरकार ने CID जांच के आदेश दिए थे। अब DSP संदीपन की गिरफ्तारी से मामले में गंभीर आरोपों की आशंका जताई जा रही है।
कोर्ट में होगी पेशी
गिरफ्तारी के बाद DSP संदीपन को विशेष जांच टीम (SIT) कोर्ट में पेश करेगी। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मौत एक हादसा थी या किसी साजिश का नतीजा। जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल केस से जुड़े और भी खुलासे होने की उम्मीद है। Jubeen Garg