
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज 60 साल के हो गए हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता और रुतबा अब भी अपने शिखर पर है। दिल्ली की गलियों से फिल्म इंडस्ट्री के ‘किंग’ बनने तक का उनका सफर किसी प्रेरक कहानी से कम नहीं। अब इस सफर में जुड़ा है एक और सुनहरा अध्याय अरबपतियों के क्लब में उनकी एंट्री। हाल ही में जारी M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में शाहरुख खान पहली बार अरबपतियों की सूची में शामिल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति लगभग 12,490 करोड़ रुपये आंकी गई है। Shahrukh Khan
2 नवंबर 1965 को जन्मे शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविज़न से की थी। ‘फौजी’ और ‘सर्कस’ जैसे टीवी शो से पहचान बनाने के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया। ‘बाज़ीगर’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘दिल तो पागल है’ से लेकर ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों तक किंग खान ने अपनी एक्टिंग से दर्शकों के दिलों पर राज किया है।
शाहरुख खान की कमाई के कई स्रोत हैं फिल्मों के अलावा उनके पास खुद का प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट, आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में हिस्सेदारी और बड़े-बड़े ब्रांड एंडोर्समेंट्स हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2024 की तुलना में उनकी नेटवर्थ में 71% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने वित्त वर्ष 2023 में करीब 85 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। वहीं, उनकी फिल्म ‘जवान’ ने 300 करोड़ रुपये के बजट पर भारतीय बॉक्स ऑफिस से 640 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 1,160 करोड़ रुपये की कमाई की। शाहरुख खान सिर्फ फिल्मों और संपत्ति में ही नहीं, जिम्मेदारी निभाने में भी अव्वल हैं। फॉर्च्यून इंडिया रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024 में वे देश के सबसे बड़े टैक्सपेयर एक्टर्स में रहे, जिन्होंने करीब 92 करोड़ रुपये का टैक्स भरा। Shahrukh Khan