Kisi Ka Bhai Kisi ki Jaan Review: दर्शकों पर नहीं चला 'किसी का भाई किसी की जान' का जादू
भारत
चेतना मंच
22 Apr 2023 05:19 PM
Kisi Ka Bhai Kisi ki Jaan Review: सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' 21 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। 4 साल के लंबे अंतराल के बाद अभिनेता सलमान खान की कोई फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है। फैंस के साथ-साथ अभिनेता को भी इस फिल्म से काफी उम्मीदें थी। लेकिन अब इन उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। फिल्म के पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सामने आया है। रिपोर्ट्स की माने तो पहले दिन फिल्म कुछ खास कमाई करने में सफल नहीं रही।
पहले दिन की कमाई हुई इतनी -
'किसी का भाई किसी की जान (Kisi ka Bhai Kisi ki Jaan) फिल्म को देश विदेश के लगभग 5700 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था। फिल्म की एडवांस बुकिंग 16 अप्रैल को शुरू कर दी गई थी। 21 अप्रैल को सुबह जब फिल्म रिलीज हुई तो पहले ही शो में एवरेज रिस्पांस देखने को मिले। हालांकि शाम तक मल्टीप्लेक्स में भीड़ देखने को मिली। जैसा कि आप सभी जानते हैं फिल्म ईद के मौके पर रिलीज हुई है ऐसे में हॉलीडे होने की वजह से हाउसफुल होने की उम्मीदें बहुत अधिक थी। सलमान खान जैसे अभिनेता जिनकी फैन फॉलोइंग इतनी लंबी है, उनकी फिल्में जब नॉन हॉलीडे में रिलीज होती हैं तब भी इससे अधिक भीड़ देखने को मिलती हैं। सलमान खान की फ़िल्म दबंग (Dabang), एक था टाइगर (Ek Tha Tiger), टाइगर जिंदा है (Tiger Zinda Hai), भारत (Bhaarat) जैसी फिल्मों के कलेक्शन के आगे इस फिल्म का कलेक्शन बहुत ही फीका देखने को मिला।
Kisi Ka Bhai Kisi ki Jaan Review:
पहले दिन 'किसी का भाई किसी की जान' फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन नेट 12 से 13 करोड रुपए बताया जा रहा है। अभी तक सलमान खान की जितनी फिल्में रिलीज हुई है उनसे अगर तुलना की जाए तो यह कलेक्शन बहुत ही कम है। ईद के मौके पर रिलीज हुई उनकी पिछली फिल्म भारत ने ओपनिंग डे पर 42.30 करोड़ रुपए की कमाई की थी। उम्मीद जताई जा रही है कि ईद और रविवार के मौके पर रिलीज के दूसरे और तीसरे दिन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में उछाल देखने को मिल सकता है।
बात करें अगर पब्लिक रिव्यू की तो, जिन लोगों ने यह फिल्म देखी उनके फिल्म को लेकर रेस्पॉन्स मिले-जुले देखने को मिले हैं। स्टार रेटिंग में फिल्म को पांच में से 3 स्टार मिले हैं।