अंजली-राहुल-टीना ने पूरे किए 27 साल, खूब वायरल हो रही है BTS तस्वीरें
भारत
चेतना मंच
16 Oct 2025 02:04 PM
बॉलीवुड की कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो सिर्फ पर्दे पर नहीं बल्कि दर्शकों के दिलों में भी ऐसा छाप छोड़ती है जो हमेशा जिंदा रहता है। बॉलीवुड की ऐसी ही एक फिल्म है ‘कुछ कुछ होता है।’ Kuch Kuch Hota Hai फिल्म का नाम सुनकर ही आंखों के सामने पूरी कहानी घूमने लगती है। अंजली-राहुल-टीना ये नाम बॉलीवुड का ऐसा नाम है जो कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। कॉलेज रोमांस, दोस्ती, मस्ती, प्यार और दर्द से भरपूर 'कुछ-कुछ होता है' आज भी लोगों के दिल और जुबान पर बसती है। करण जौहर (Karan Johar) की बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म ने आज से 27 साल पहले यानी 16 अक्टूबर 1998 को बड़े पर्दे पर दस्तक दी थी और तब से लेकर आज तक KKHH हर उम्र के लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है। KKHH
‘कुछ कुछ होता है’ के 27 साल पूरे
आज ‘कुछ कुछ होता है’ फिल्म को 27 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर करण जौहर ने सोशल मीडिया पर कुछ बिहाइंड-द-सीन (BTS) तस्वीरें शेयर कर फैंस को इमोशनल कर दिया। इन तस्वीरों में फिल्म के स्टार्स के साथ-साथ करण के पिता और दिग्गज फिल्म निर्माता यश जौहर भी नजर आ रहे हैं। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा, "जब मैंने 'कुछ कुछ होता है' बनाई थी तब मैं सिर्फ अपने पापा का सपना पूरा करना चाहता था। आज जब लोग इस फिल्म को अब भी उतने ही प्यार से याद करते हैं तो लगता है पापा की मुस्कान अब भी मेरे साथ है।"
करण ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके पिता यश जौहर हर दिन सेट पर मौजूद रहते थे। उनका कहना है, "कुछ-कुछ होता है सिर्फ एक फिल्म नहीं है ये मेरे दिल की धड़कन है। हर सीन में मेरे पापा का आशीर्वाद है।" करण की टीम ने भी बताया कि जो BTS तस्वीरें उन्होंने शेयर की हैं वे उस समय की मेहनत, जुनून और भावनाओं की असली झलक पेश करती हैं।
बड़े पर्दे पर KKHH का जबरदस्त क्रेज
साल 1998 में रिलीज हुई ‘कुछ कुछ होता है’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था बल्कि 90 के दशक के रोमांस को एक नई पहचान दी थी। इस फिल्म का उन दिनों इतना क्रेज था कि हर गली-मोहल्ले में सिर्फ अंजली-राहुल-टीना का ही जिक्र था। राहुल (शाहरुख खान), अंजलि (काजोल) और टीना (रानी मुखर्जी) की तिकड़ी ने करोड़ों दिलों को छू लिया था। इस फिल्म के डायलॉग, किरदार और गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं। "कुछ कुछ होता है तुम नहीं समझोगे" यह लाइन आज भी वही एहसास जगाती है जो पहली बार सुनते वक्त हुआ था। KKHH