विज्ञापन
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ₹370 बिरयानी विवाद चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। यह मामला कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक लाइव शो के दौरान सामने आया, जब दर्शकों के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

370 Biryani Controversy : पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ₹370 बिरयानी विवाद चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। यह मामला कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक लाइव शो के दौरान सामने आया, जब दर्शकों के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में 23 वर्षीय हिमांशु जांगरा ने अपनी डेटिंग से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने एक महिला के साथ मुलाकात के दौरान चिकन बिरयानी पर ₹370 खर्च किए थे और इसके बदले उन्हें किसी तरह के "रिटर्न" की उम्मीद थी। यह टिप्पणी सोशल मीडिया यूजर्स को नागवार गुजरी और देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया। बढ़ते विरोध के बीच हिमांशु जांगरा ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट हटा दिए, जबकि शो के होस्ट प्रणित मोरे ने भी लोगों की भावनाएं आहत होने पर खेद व्यक्त किया। इसके बावजूद यह मुद्दा लगातार सोशल मीडिया और सार्वजनिक बहस का हिस्सा बना हुआ है। अब इस मुद्दे पर कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। 370 Biryani Controversy
मुनव्वर फारूकी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि विवाद में शामिल सभी पक्षों ने कुछ ऐसी बातें कहीं जिनसे असहमति हो सकती है, लेकिन अब लोगों को इस मुद्दे को छोड़कर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को उनके बयानों की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। कानूनी कार्रवाई हुई, नौकरी चली गई, सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और करियर भी प्रभावित हुआ। ऐसे में लगातार ट्रोलिंग और सार्वजनिक हमलों को जारी रखना उचित नहीं है। मुनव्वर ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग इस विवाद को कंटेंट बनाने का माध्यम बना रहे हैं, जबकि इससे जुड़े व्यक्तियों को पहले ही गंभीर परिणाम भुगतने पड़ चुके हैं। 370 Biryani Controversy
कॉमेडियन ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को उसकी गलती की सजा मिल चुकी हो तो उसके बाद भी उसे लगातार निशाना बनाना ठीक नहीं है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि कई बार ऑनलाइन नफरत और दबाव के गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं, इसलिए लोगों को अपनी सीमाएं समझनी चाहिए। उनका कहना था कि कानूनी प्रक्रिया अपना काम करेगी, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही अनवरत आलोचना और ट्रोलिंग को अब समाप्त होना चाहिए। आपको बता दें कि विवाद के बाद हिमांशु जांगरा को उनकी कंपनी से भी बाहर कर दिया गया। जिस संस्था में वह कार्यरत थे, उसके संस्थापक ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी सार्वजनिक की थी। वहीं, मामले को लेकर महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू की है।इसके अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस पूरे विवाद को गंभीरता से लेते हुए प्रणित मोरे और हिमांशु जांगरा दोनों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया, कानूनी और सार्वजनिक विमर्श के केंद्र में बना हुआ है। 370 Biryani Controversy
विज्ञापन