विज्ञापन
Pranit More: वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रणित मोरे को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। कई यूजर्स ने उन पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया। मामला बढ़ने पर कई मशहूर हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

Pranit More Controversy: स्टैंडअप कॉमेडियन और 'बिग बॉस 19' कंटेस्टेंट प्रणित मोरे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया शो या कॉमेडी एक्ट नहीं बल्कि एक विवाद है जिसने सोशल मीडिया से लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग तक का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। गुरुग्राम में हुए एक लाइव कॉमेडी शो के दौरान सामने आए एक विवादित बयान के बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणित मोरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विवाद की शुरुआत गुरुग्राम में आयोजित प्रणित मोरे के एक लाइव क्राउड-वर्क कॉमेडी शो से हुई। शो के दौरान दर्शकों में मौजूद एक युवक ने अपना डेटिंग एक्सपीरिंयस शेयर किया। बातचीत के दौरान उसने एक लड़की को लेकर ऐसा बयान दिया जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक माना। शो का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। सबसे ज्यादा आलोचना इस बात को लेकर हुई कि विवादित टिप्पणी पर मंच पर मौजूद लोग हंसते नजर आए और इसे मनोरंजन की तरह पेश किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रणित मोरे को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। कई यूजर्स ने उन पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया। मामला बढ़ने पर कई मशहूर हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर्स समेत कई सेलिब्रिटीज ने इस घटना की आलोचना की। कुछ लोगों ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया जबकि कुछ ने कॉमेडी के नाम पर ऐसी बातों को बढ़ावा देने पर सवाल उठाए।
विवाद बढ़ने के बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े कंटेंट की जांच की जा रही है। मामले से संबंधित सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ते विवाद और आलोचना के बीच प्रणित मोरे ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि शो में कही गई बातें उनके निजी विचार नहीं हैं और उन्हें इस बात का अफसोस है कि उस समय उन्होंने उचित प्रतिक्रिया नहीं दी। प्रणित ने स्वीकार किया कि उन्हें विवादित टिप्पणी पर हंसने के बजाय स्थिति को बेहतर तरीके से संभालना चाहिए था। उन्होंने इसे अपने लिए एक सीख बताया और भविष्य में अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की बात कही।
इस मामले का असर सिर्फ कॉमेडियन तक ही सीमित नहीं रहा। जिस युवक की टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ था उसे भी इसका नुकसान उठाना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस निजी कंपनी में वह काम कर रहा था वहां से उसे नौकरी से हटा दिया गया। कंपनी की ओर से सार्वजनिक रूप से यह जानकारी दी गई कि विवाद के बाद कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने प्रणित मोरे और विवाद में शामिल युवक दोनों को समन जारी किया है। आयोग का मानना है कि वायरल वीडियो में सामने आए बयान महिलाओं की सहमति और सम्मान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से जुड़े हैं। इसी कारण आयोग ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच और कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।
विज्ञापन