पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं सलमान खान, रेस्क्यू के साथ गांवों को गोद लेने की तैयारी!
भारत
चेतना मंच
10 Sep 2025 11:38 AM
पंजाब इन दिनों भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। हजारों लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं और कई गांव पूरी तरह जलमग्न हैं। इस मुश्किल घड़ी में जहां पंजाब के स्टार्स लगातार मदद कर रहे हैं, वहीं अब बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान भी राहत कार्यों के लिए आगे आए हैं।
सलमान खान की संस्था बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन ने बाढ़ राहत के लिए कुल पांच बोट्स पंजाब भेजी हैं। इनमें से तीन बोट्स का इस्तेमाल रेस्क्यू और खाने-पीने का सामान पहुंचाने के लिए शुरू भी कर दिया गया है। इन बोट्स की मदद से वॉलंटियर्स गांव-गांव जाकर बाढ़ में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। वहीं बाकी दो बोट्स को फिरोजपुर बॉर्डर पर स्थानीय प्रशासन को सौंपा गया है, ताकि वहां भी बचाव कार्य में तेजी लाई जा सके।
सलमान खान अब गांव गोद लेने की तैयारी में
पंजाब टूरिज्म चेयरमैन दीपक बाली ने पुष्टि की है कि सलमान खान सिर्फ रेस्क्यू तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वह जल्द ही पंजाब के कुछ ऐसे गांवों को गोद लेंगे जो बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। गांव गोद लेने का मतलब है कि वहां राहत और पुनर्निर्माण कार्य में बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन सक्रिय भूमिका निभाएगा। इससे बाढ़ पीड़ितों को लंबे समय तक सहारा मिल सकेगा।
बिग बॉस में भी किया था जिक्र
सलमान खान ने हाल ही में अपने शो बिग बॉस के वीकेंड का वार एपिसोड में भी पंजाब बाढ़ का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था—“हम जितना हो सके, उतना कर रहे हैं। हमने रिलीफ फंड में भी योगदान दिया है और आगे भी मदद जारी रहेगी।”
पहले भी सितारे आए मदद के लिए
सलमान खान से पहले अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वे पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 5 करोड़ रुपये दान कर चुके हैं। वहीं, सोनू सूद जैसे कई पंजाबी स्टार्स भी लगातार प्रभावित इलाकों में राहत कार्य कर रहे हैं।
बाढ़ जैसी आपदाओं में सिर्फ तात्कालिक मदद ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक लोगों के पुनर्वास की जिम्मेदारी भी बड़ी होती है। ऐसे में सलमान खान की यह पहल न सिर्फ इंसानियत की मिसाल है, बल्कि प्रभावित परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण भी है।
पंजाब बाढ़: अक्षय कुमार ने दिया 5 करोड़, लेकिन बोले– ‘ये दान नहीं…’