रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर ने रिलीज से पहले ही जोरदार शुरुआत की है। पहले दिन 20,000 टिकट बिक चुके हैं और एडवांस बुकिंग से कमाई 2 करोड़ के करीब पहुंच गई है।

रणवीर सिंह स्टारर एक्शन-थ्रिलर फिल्म धुरंधर रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार धमाका करती नजर आ रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों ने गजब का रिस्पॉन्स दिया है और पहले ही दिन 20,000 से ज्यादा टिकट हाथों-हाथ बिक गए। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिलीज तक यह आंकड़ा कई गुना बढ़ सकता है और फिल्म को एक जोरदार ओपनिंग मिलना तय है।
'धुरंधर' का क्रेज दर्शकों में शुरू से ही देखने को मिल रहा है और एडवांस बुकिंग खुलते ही टिकट बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली। ट्रेड एनालिस्ट सुमित कादेल के अनुसार, पहले ही दिन 20 हजार टिकट बिकना एक मजबूत शुरुआत है। बुक माय शो पर फिल्म लगातार ट्रेंड कर रही है और शो अलॉटमेंट भी तेजी से बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दिन देशभर में करीब 2274 शोज चलाए जाएंगे, जिससे फिल्म को बड़े पैमाने पर दर्शक मिलने की उम्मीद है।
फिल्म को 2D और IMAX 2D फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा। एडवांस टिकट बिक्री के साथ 'धुरंधर' ने 1 करोड़ 99 लाख रुपये की कमाई पहले ही कर ली है। यह आंकड़ा रिलीज से पांच दिन पहले का है, जिससे साफ है कि फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता काफी ज्यादा है। रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया था। इसके दमदार एक्शन, ग्रिपिंग कहानी और बड़े स्टारकास्ट ने दर्शकों में उत्साह बढ़ा दिया। साथ ही फिल्म को लेकर चल रहे विवादों ने भी इसे और ज्यादा चर्चा में ला दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह जबरदस्त बज़ बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी ओपनिंग में बदलता है।
टिकट की शुरुआती बिक्री और दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि ‘धुरंधर’ साल की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो सकती है। ट्रेड सर्कल का अनुमान है कि रिलीज के दिन फिल्म एक मजबूत ओपनिंग हासिल कर सकती है।
अब सारा फोकस 5 दिसंबर पर टिका है, जब फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देगी और बॉक्स ऑफिस पर अपना असली खेल दिखाएगी।